'मुझे यहां से ले चलो, ये मुझे मार डालेंगे', सरकारी अस्पताल में प्रसव के दौरान मां-बच्चे की मौत

रीवा के सरकारी अस्पताल में प्रसव के बाद 25 वर्षीय महिला और नवजात की मौत हो गई. प्रसव से पहले महिला चिल्ला-चिल्लाकर मदद मांग रही थी, जिसका वीडियो सामने आया है.

X
Sagar Bhardwaj

मध्य प्रदेश के रीवा स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में 25 वर्षीय कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे ज्यादा चिंता उस वीडियो ने बढ़ाई है, जो मौत से कुछ घंटे पहले का बताया जा रहा है. वीडियो में कल्पना बेहद परेशान नजर आती है और अपने परिवार से उसे अस्पताल से बाहर ले जाने की गुहार लगाती सुनाई देती है. वह कहती है, “मुझे यहां से ले चलो, मैं नहीं बचूंगी, ये लोग मुझे मार देंगे.” इस दौरान परिवार का एक सदस्य उसे समझाते हुए भरोसा दिलाता दिखाई देता है कि डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं और वह ठीक हो जाएगी.

सीजेरियन के बाद बिगड़ी हालत

परिवार के मुताबिक, कल्पना को मंगलवार को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अगले दिन डॉक्टरों ने उसका सीजेरियन ऑपरेशन किया, लेकिन इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान कल्पना तथा उसके नवजात बच्चे दोनों की मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि कल्पना लगातार अपनी तबीयत खराब होने की बात कह रही थी, लेकिन उसकी शिकायतों पर समय रहते गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ का व्यवहार उनके साथ ठीक नहीं था.


 परिजनों का अस्पताल के बाहर प्रदर्शन

मां और बच्चे की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में तनाव बढ़ गया. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर धरना शुरू कर दिया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि अगर समय पर उचित उपचार मिलता तो शायद दोनों की जान बचाई जा सकती थी. वायरल वीडियो ने इस पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है.

अस्पताल ने आरोपों से किया इनकार

हालांकि अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है. विवाद बढ़ने के बाद डीन सुनील अग्रवाल और अधीक्षक राहुल मिश्रा मौके पर पहुंचे और परिवार से बातचीत की. अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया. प्रारंभिक कार्रवाई के तहत ड्यूटी पर तैनात दो नर्सिंग अधिकारियों को निलंबित कर जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

जिला अस्पताल के डॉक्टरों का पैनल मां और नवजात का पोस्टमार्टम करेगा. अधिकारियों के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. इस बीच मांगावां से बीजेपी विधायक नरेंद्र प्रजापति भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की. उन्होंने अस्पताल अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.