menu-icon
India Daily

एमपी में फिर बदलेगा मौसम, 7 जिलों में 4 इंच तक बारिश का अलर्ट; 37 जिले अब भी सूखे

मध्य प्रदेश में मानसून का असर जारी है. शुक्रवार को टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में ढाई से 4 इंच तक भारी बारिश का अलर्ट है. प्रदेश में अब तक सामान्य से 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है और 37 जिले अभी भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
एमपी में फिर बदलेगा मौसम, 7 जिलों में 4 इंच तक बारिश का अलर्ट; 37 जिले अब भी सूखे
Courtesy: AI

मध्य प्रदेश में मानसून का असर अभी भी बना हुआ है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश की गतिविधियों में धीरे धीरे कमी आने के संकेत मिल रहे हैं. शुक्रवार को प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में ढाई से 4 इंच तक बारिश हो सकती है.

वहीं राजधानी भोपाल में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. गुरुवार को श्योपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तेज बारिश हुई. कई जगह नदी और नाले उफान पर आ गए, जिसके चलते रास्तों पर आवागमन प्रभावित हुआ. टीकमगढ़ में नदी नालों के बढ़े जलस्तर का असर हाईवे पर भी देखने को मिला.

7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को जबलपुर और सागर संभाग से जुड़े सात जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में ढाई से चार इंच तक पानी गिरने का अनुमान है. भारी बारिश की स्थिति में नदी नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है. ऐसे में स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

इन जिलों में भी बदलेगा मौसम

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास और रतलाम समेत कई जिलों में भी मौसम बदला रहेगा. इसके अलावा नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है.

प्रदेश में अब तक 26.5 इंच बारिश

मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में अब तक 674.6 मिलीमीटर यानी करीब 26.5 इंच बारिश हो चुकी है. इस अवधि तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 742.3 मिलीमीटर यानी करीब 29.2 इंच बारिश होनी चाहिए थी. इस हिसाब से प्रदेश में अभी करीब 2.7 इंच बारिश कम हुई है. कुल मिलाकर राज्य में बारिश सामान्य से 9 प्रतिशत कम दर्ज की गई है. पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी करीब 6 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत दर्ज की गई है.

प्रदेश के 37 जिले अब भी सामान्य से कम बारिश की स्थिति में हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की कमी करीब 19 प्रतिशत तक पहुंच गई है. बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडोरी समेत कई जिलों में बारिश सामान्य से पीछे है. इन क्षेत्रों में कमी 1 से 49 प्रतिशत तक दर्ज की गई है. पश्चिमी मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है. यहां बारिश की कमी करीब 4 से 50 प्रतिशत तक दर्ज की गई है.