Rakshabandhan 2026

मध्य प्रदेश के उज्जैन में नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़ जैसे हालात, कई लोग घायल

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कम से कम तीन लोग घायल हो गए.

X
Shilpa Srivastava

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन के महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए कतार लगी थी. सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास अचानक अफरा-तफरी मच गई. बैरिकेडिंग के अंदर डीपी के पास करंट फैलने की अफवाह फैली. इससे दर्शन के लिए खड़े लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

इस दौरान कुछ श्रद्धालु घायल हो गए. भगदड़ में बैरिकेड्स से टकराने की वजह से हरिश्चंद्र के पैरों में गंभीर चोट आई. घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया.

 


हादसे में 13 लोग हुए घायल:

श्रावण के सोमवार और नागपंचमी के दिन नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी. करंट लगने की अफवाह फैलने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. बैरिकेडिंग में फंसने और एक-दूसरे से टकराने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए. सभी का इलाज चरक अस्पताल में चल रहा है.

घायलों में गुजरात, बिहार, ग्वालियर और उज्जैन सहित अलग-अलग जगहों से आए श्रद्धालु शामिल हैं. इनमें हिंदू बाई (ढांचा भवन उज्जैन), मनीष (19 वर्ष, किशनपुरा उज्जैन), लक्ष्मीबाई (उज्जैन), अनसूया और मां ममता (गंजबासौदा), हरिश्चंद्र (सिलवासा, वापी गुजरात), सोनम (18 वर्ष, ग्वालियर), सुजीत कुमार (दरभंगा बिहार), खुशी (ग्वालियर) तथा तुलसी और मां रेखा बाई (वलसाड गुजरात) शामिल हैं.

प्रशासन ने संभाली स्थिति:

नागचंद्रेश्वर और हरसिद्धि मंदिर पास-पास होने की वजह से भीड़ का दबाव इस रास्ते पर ज्यादा था. पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति संभाली और थोड़ी देर बाद दर्शन की व्यवस्था फिर से सुचारू कर दी. यह हादसा अफवाह की वजह से हुआ. श्रद्धालुओं से अपील है कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें.