menu-icon
India Daily

अब मार्कशीट पर नहीं दिखेगा 'फेल', बिहार सरकार ने बच्चों के लिए लिया बड़ा फैसला

बिहार सरकार ने विद्यार्थियों की मार्कशीट से ‘फेल’ शब्द हटाने का फैसला किया है. इसकी जगह 'कौशल के लिए पात्र' शब्द इस्तेमाल किया जाएगा. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कम अंक आने से बच्चे की प्रतिभा खत्म नहीं होती.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अब मार्कशीट पर नहीं दिखेगा 'फेल', बिहार सरकार ने बच्चों के लिए लिया बड़ा फैसला
Courtesy: Grok AI (Representative image)

पटना: बिहार सरकार ने विद्यार्थियों की मार्कशीट को लेकर एक अहम बदलाव की घोषणा की है. अब बच्चों की मार्कशीट या प्रमाण पत्र पर 'फेल' शब्द नहीं लिखा जाएगा. इसकी जगह 'कौशल के लिए पात्र' शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को यह घोषणा की. उन्होंने कहा कि किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं आने का मतलब यह नहीं है कि बच्चे की प्रतिभा खत्म हो गई.

शिक्षा मंत्री ने विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों के साथ शिक्षा विभाग की योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की. इसी दौरान उन्होंने कहा कि बच्चों का मनोबल बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि इस बदलाव के लिए नियमों में जरूरी संशोधन किया जाएगा. शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करेगा.

'फेल' शब्द की जगह होगा नया उल्लेख

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि परीक्षा में कम अंक आने या अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने से किसी विद्यार्थी की क्षमता खत्म नहीं होती. ऐसे में प्रमाण पत्र पर ‘फेल’ जैसे शब्द लिखना बच्चों के मनोबल को प्रभावित कर सकता है. इसी सोच के तहत अब ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द का इस्तेमाल करने की तैयारी है.

मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वालों के लिए विशेष कक्षाएं

शिक्षा मंत्री ने मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए भी अहम निर्देश दिए. ऐसे विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं चलाने की योजना है. इन कक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराना और उनकी सफलता की संभावना बढ़ाना है.

शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में 5 सितंबर को श्री कृष्ण मेमोरियल हाल में होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इस दौरान दोनों उप मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री शिक्षक सहयोग पोर्टल की शुरुआत भी करेंगे.

समारोह में बिहार के हर जिले से एक-एक चयनित शिक्षक को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा पटना के सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में चयनित 10 मॉडल स्कूलों के बच्चों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा. डायट, एससीईआरटी और शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के शिक्षकों को भी समारोह में बुलाया जाएगा.

शिक्षा मंत्री ने क्या दिया है निर्देश?

समीक्षा बैठक में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद समेत शिक्षा विभाग के विभिन्न विभागों के आय-व्यय की भी जानकारी ली गई. शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और उपलब्ध संसाधनों के उचित इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.

बैठक में विभाग के सचिव राजीव रौशन, विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार समेत शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.