Weather IMD US Israel Iran War

खरगोन में मोटरसाइकिल पर पलटी मिनीबस, नीचे दबकर मां-बेटी की दर्दनाक मौत; 17 घायल

खरगोन जिले में एक मिनीबस अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल पर पलट गई, जिससे महिला मोनू और उनकी 16 वर्षीय बेटी अनीता की मौत हो गई. चलिए जानते हैं कैसे हुआ हादसा.

Pinterest
Km Jaya

खरगोन: पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक मिनीबस के मोटरसाइकिल पर पलट जाने से एक महिला और उसकी 16 वर्षीय बेटी की जान चली गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 11 किलोमीटर दूर जैतापुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खंडवा-बड़ौदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगरिया गांव के पास हुई.

पुलिस के अनुसार मिनीबस ड्राइवर ने कथित तौर पर विपरीत दिशा से आ रही एक कार से बचने की कोशिश में गाड़ी से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद गाड़ी अपने रास्ते से भटक गई और तीन पारिवारिक सदस्यों को ले जा रही एक मोटरसाइकिल पर पलट गई.

क्या है मामला?

मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी दो सवार जिनकी पहचान मोनू और उसकी बेटी अनीता के रूप में हुई है, उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मोनू के पति जो मोटरसाइकिल चला रहे थे, इस दुर्घटना में घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि मिनीबस खंडवा जिले के पिपलोद की ओर जा रही थी, जबकि मोटरसाइकिल सवार बड़वानी जिले के जुलवानिया जा रहे थे.


कितने लोग हुए घायल?

इस दुर्घटना में कुल 17 लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. डॉ. कुंदन सिंह सिसोदिया ने बताया कि घायलों में से तीन को ICU में भर्ती कराया गया है. घायल यात्रियों में से एक, विजय बिछानिया ने बताया कि मिनीबस में सवार लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए पिपलोद जा रहे थे.

उन्होंने कहा, 'विपरीत दिशा से आ रही एक कार से बचने की कोशिश में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पलट गई.' पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस घटना की आगे की जांच जारी है.

पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?

इससे पहले 25 मई को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुजरात के राजकोट जिले में गोंडल के पास श्रद्धालुओं को ले जा रही एक निजी बस के पलट जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई और लगभग 20 अन्य घायल हो गए. 

यह हादसा गोंडल तालुका के वोराकोटडा गांव के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जब यात्री एक धार्मिक तीर्थयात्रा से लौट रहे थे. पुलिस के अनुसार, बस में लगभग 60 श्रद्धालु सवार थे. यह बस रविवार सुबह गोंडल से रवाना हुई थी और बगदाना सहित कई धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए गई थी. वापसी के दौरान यह वाहन पलट गया, जिसके परिणामस्वरूप लोगों की मौत हुई और कई घायल हो गए.