उज्जैन में ट्रक की चपेट में आकर MBBS स्टूडेंट की मौत, परिवार का इकलौटा बेटा था हर्षित; आक्रोशित छात्रों का चक्का जाम
शनिवार सुबह हर्षित अपनी बाइक से जा रहा था. इसी दौरान आगर की दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हर्षित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में मेडिकल छात्र की जान चली गई. यह हादसा आगर रोड पर हुआ. दुर्घटना में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हर्षित मेहरा की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर्षित मेहरा इंदौर का रहने वाला था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
ट्रक की चपेट में आकर छात्र की मौत
शनिवार सुबह वह अपनी बाइक से जा रहा था. इसी दौरान आगर की दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हर्षित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.
छात्रों का प्रदर्शन, सुरक्षा इंतजाम की मांग
घटना से आक्रोशित विद्यार्थियों ने आगर रोड हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. छात्रों ने ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कॉलेज गेट के सामने सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग उठाई. उनका कहना था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा खतरे में रहती है. छात्रों ने कॉलेज के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने, स्थायी बैरिकेट्स लगाने और जिक-जैक ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
थाना प्रभारी ने क्या बताया
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है. सीएसपी पुष्पा प्रजापत सहित पुलिस बल ने तत्काल बैरिकेटिंग कर स्थिति को नियंत्रित किया. करीब एक घंटे बाद समझाइश के बाद छात्रों ने जाम समाप्त किया. इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी.
परिवार में पसरा मातम
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, हर्षित अपने परिवार के इकलौते बेटे थे. उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनकी मां मेहंदी डिजाइनर के रूप में कार्य करती हैं. बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पढ़ाई में होनहार था छात्र
दोस्तों और शिक्षकों ने बताया कि हर्षित पढ़ाई में होनहार होने के साथ-साथ कला क्षेत्र में भी प्रतिभाशाली थे. वह कॉलेज की सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. हाल ही में आयोजित रजत जयंती समारोह में उन्होंने कई पुरस्कार भी हासिल किए थे.
और पढ़ें
- इंदौर में कपड़े की दुकान में घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, चपेट में आने से चार लोग घायल; जानें क्या थी हादसे की वजह
- 'दुर्गा बनो..काली बनो.. बुर्के वाली कभी न बनो…’, धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू लड़कियों से की ये अपील
- गर्लफ्रेंड की लाश के साथ आरोपी क्यों करता रहा सेक्स? इंदौर MBA छात्रा मर्डर केस में हुआ खौफनाक खुलासा