IPL 2026

मऊगंज में बड़ा हनी ट्रैप कांड, नेता को ब्लैकमेल करने वाले दंपति का पर्दाफाश; ऐसे हुए गिरफ्तार

मऊगंज में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष को हनी ट्रैप में फंसाकर अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Pinterest
Km Jaya

मऊगंज: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में हनी ट्रैप का बड़ा मामला सामने आया है, जहां पूर्व जनपद उपाध्यक्ष विनोद मिश्रा को अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला रुची और उसका पति मऊगंज में एक रेस्टोरेंट और कैफे चलाते थे. यहीं पर उन्होंने पूर्व जनपद उपाध्यक्ष विनोद मिश्रा को अपने जाल में फंसाया. आरोप है कि पहले उन्हें चाय पर बुलाया गया और फिर कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाया गया. इसके बाद स्पाई कैमरे की मदद से उनका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया.

आरोपियों ने क्या दी थी धमकी?

वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद आरोपियों ने विनोद मिश्रा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. उनसे 5 लाख रुपये की मांग की गई. जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने कथित तौर पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया. मामला बढ़ता देख दोनों आरोपी मऊगंज से फरार हो गए थे. पुलिस को चकमा देने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

मऊगंज पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और तकनीकी जांच शुरू की. मोबाइल लोकेशन और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची. आखिरकार दोनों को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की. शुरुआती जांच में कई चैट, फोटो और वीडियो मिले हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने इस तरह और भी लोगों को निशाना बनाया हो सकता है.

पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया. पुलिस उनकी रिमांड मांग रही है ताकि उनसे विस्तार से पूछताछ की जा सके.