Sawan 2026

सुहागरात पर बहाना फिर शेविंग क्रीम लगाना...परिजनों को हुआ शक, शादी के 25 दिन बाद ऐसे खुला राज; दुल्हन निकली किन्नर

मध्य प्रदेश के शाजापुर में एक परिवार ने शादी के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. उनका दावा है कि विवाह के 25 दिन बाद उन्हें दुल्हन की पहचान को लेकर सच्चाई पता चली.

Pinterest
Km Jaya

शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में शादी के नाम पर कथित ठगी का एक मामला सामने आया है. एक परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के 25 दिन बाद उन्हें पता चला कि जिस व्यक्ति को दुल्हन बताकर विवाह कराया गया था, वह महिला नहीं बल्कि किन्नर है. पीड़ित परिवार का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में उनसे लाखों रुपये भी लिए गए. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़ित युवक शाजापुर में सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का पालन पोषण करता है. परिवार के अनुसार शादी में देरी होने पर पड़ोसियों के माध्यम से राजगढ़ जिले के पचोर क्षेत्र के एक परिवार से रिश्ता तय हुआ. आरोप है कि 29 जून को एक मंदिर में विवाह कराया गया. इस दौरान शादी और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 5 लाख रुपये खर्च कराए गए और 1 लाख रुपये नकद भी लिए गए.

परिजनों ने क्या लगाया आरोप?

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद सुहागरात पर दुल्हन ने मासिक धर्म और तबीयत खराब होने का हवाला देकर पति से दूरी बनाई. इसके बाद 2 जुलाई को वह मायके चली गई. लगभग 21 दिन बाद 23 जुलाई को वह दोबारा ससुराल लौटी.


किसे हुआ शक?

परिवार का कहना है कि इस दौरान दुल्हन के व्यवहार को लेकर उन्हें संदेह होने लगा. सबसे पहले युवक की भाभी को शक हुआ. आरोप है कि उन्होंने एक दिन उसे चेहरे पर शेविंग क्रीम लगाए देखा. पूछने पर उसने बताया कि वह शेविंग करती है. इसके बाद परिवार का संदेह और गहरा गया.

पूछताछ के दौरान क्या चला पता?

पीड़ित परिवार का दावा है कि बाद में पूछताछ के दौरान उन्हें पता चला कि दुल्हन किन्नर है. इसके बाद उन्होंने खुद को ठगी का शिकार मानते हुए शाजापुर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई.

शाजापुर कोतवाली थाना प्रभारी संतोष बाघेला के अनुसार पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कथित पिता लक्ष्मीनारायण, आजाद, राकेश, राजा और चंद्रोबाई के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है. पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या यह किसी संगठित विवाह ठगी गिरोह से जुड़ा मामला है या नहीं.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी. मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.