menu-icon
India Daily

 MP: अस्पताल की NICU में वार्मर मशीन में लगी आग, नवजात की मौत; दो की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल की NICU में वार्मर मशीन में आग लगने से तीन नवजात झुलस गए. एक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
 MP: अस्पताल की NICU में वार्मर मशीन में लगी आग, नवजात की मौत; दो की हालत गंभीर
Courtesy: ANI

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात दर्दनाक हादसा हो गया. NICU में नवजातों को गर्म रखने के लिए इस्तेमाल होने वाली वार्मर मशीन में अचानक आग लग गई. इसकी चपेट में आने से तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए. इलाज के लिए तीनों को जबलपुर रेफर किया गया, जहां एक नवजात ने दम तोड़ दिया.

हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में निकली चिंगारी

जिला अस्पताल की सिविल सर्जन कंचन दुबे के मुताबिक, नवजातों का शरीर सामान्य तापमान पर बनाए रखने और जरूरी देखभाल के लिए उन्हें वार्मर में रखा जाता है. रात में वार्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में चिंगारी निकलने के बाद आग भड़क गई. मशीन में मौजूद तीनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए.

हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. डॉक्टरों और कर्मचारियों ने तुरंत बच्चों को वार्मर से बाहर निकाला और उपचार शुरू किया. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया. दो डॉक्टरों की निगरानी में तीनों को जबलपुर ले जाया गया.

एक नवजात को सर्जरी की जरूरत

अधिकारियों के अनुसार, एक नवजात की हालत बेहद गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत थी. छिंदवाड़ा में बाल रोग सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर रेफर किया गया. अस्पताल प्रबंधन ने घटना की वजह की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद बच्चों के परिजनों में गहरा आक्रोश और माताओं का रो-रोकर बुरा हाल है.

भोपाल के अस्पताल में भी आग, मरीजों को सुरक्षित निकाला

इसी रात भोपाल के विद्यानगर स्थित दीपशिखा अस्पताल में भी आग लगने की घटना सामने आई. धुआं और लपटें उठने के बाद मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही बागसेवनिया पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और अस्पताल कर्मचारियों ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला. समय रहते रेस्क्यू होने से इस घटना में किसी की जान नहीं गई.