'भीषण गर्मी में भी कार में AC नहीं चलाता...', जेब से प्याज निकालकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया लू से बचने का तरीका, वीडियो वायरल
जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि लोग मुझसे पूछते है कि मई-जून की भीषण गर्मी और 51 डिग्री में कैसे रहते हैं तो मैं कहता हूं कि ये चंबल की चमड़ी है भाई.
पूरा भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. कई राज्यों में तापमान 40-60 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. यही नहीं भारत का मौसम विज्ञान विभाग (IMD) कई राज्यों में भीषण लू की चेतावनी जारी कर चुका है लेकिन इसी बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भीषण गर्मी और लू से निपटने के लिए एक ऐसा तरीका बताया है जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है.
रविवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद वे अपनी कार में एसी नहीं चलाते और न ही कभी एसी के वातावरण में बैठते हैं. यही नहीं वे लू से बचने के लिए अपनी जेब में प्याज रखते हैं.
ये चंबल की चमड़ी है भाई
जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि लोग मुझसे पूछते है कि मई-जून की भीषण गर्मी और 51 डिग्री में कैसे रहते हैं तो मैं कहता हूं कि ये चंबल की चमड़ी है भाई.
जेब में प्याज रखो कुछ नहीं होगा
सिंधिया यहीं नहीं रुके उन्होंने लोगों को बढ़ते तापमान के बीच लू से बचने का भी तरीका बताया. सिंधिया ने कहा, 'मैं थोड़ा जवान दिखता हूं लेकिन मेरी आत्मा थोड़ी बूढ़ी है.' इसके बाद सिंधिया ने अपने कुर्ते की जेब से प्याज निकाला और उसे लोगों को दिखाते हुए कहा कि जेब में प्याज ले जाओ तुम्हारा बाल भी बांका नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में सभी डिब्बे लेकर घूम रहे हैं लेकिन संचार मंत्री प्याज लेकर घूम रहा है. पुरानी चीजें हैं लेकिन जैसे आयुर्वेद आगे बढ़ रहा है, वैसे ही इन चीजों को हमें भूलना नहीं चाहिए. सिंधिया ने कहा, 'जून के महीने में 51 डिग्री भी गर्मी हो तो सिर पर पगड़ी बांधो और जेब में प्याज रखकर निकल जाओ कुछ नहीं होगा.'
लू की चपेट में पूरा भारत
पूरा भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. IMD के मुताबिक, ज्यादातर इलाकों में इस वक्त अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है. अंकोला में तापमान 46.9 डिग्री दर्ज किया गया है. आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू की स्थिति की चेतावनी दी है. वहीं वीकेंड पर जम्मू-कश्मीर में लू चलने की संभावना जताई गई है. आने वाले समय में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात जैसे राज्यों में लू के हालात पैदा हो सकते हैं जबकि छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रह सकती है.