भाई पर कमेंट से भड़की जेठानी, राखी के दिन देवरानी की हत्या; हौज में मिला शव

इंदौर के राऊ इलाके में रक्षाबंधन के दिन 21 वर्षीय वंदना पटेल की हत्या से सनसनी फैल गई. पुलिस ने उसकी जेठानी पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार किया है. मामले में जांच जारी है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

इंदौर: रक्षाबंधन के दिन जहां भाई-बहन के रिश्ते की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इंदौर के राऊ इलाके में एक परिवार में खूनी वारदात हो गई. न्यू नेहरू नगर में 21 वर्षीय वंदना पटेल का शव बंद मकान के बाहर बने पानी के हौज में मिला. उसके शरीर पर चाकू के निशान थे. पुलिस ने जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मृतका की जेठानी पार्वती बाई कुशवाह संदेह के घेरे में आईं.

पुलिस के मुताबिक वंदना और पार्वती के बीच पार्वती के भाई को लेकर कहासुनी हुई थी. पार्वती का भाई दमोह जेल में दुष्कर्म के मामले में बंद है. आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन वंदना ने उसके बारे में टिप्पणी की, जिसके बाद दोनों में विवाद बढ़ गया. घटना के समय घर में दोनों महिलाएं मौजूद थीं. पार्वती के बच्चे स्कूल गए थे, जबकि उसका पति और देवर अस्पताल में भर्ती थे.

चाकू से हमला, हौज में मिला शव

पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर पार्वती ने चाकू से वंदना की गर्दन पर दो वार किए. गंभीर चोट लगने के बाद वंदना की मौत हो गई. आरोप है कि इसके बाद पार्वती ने शव को घर से बाहर बने पानी के हौज तक खींचकर पहुंचाया और उसमें डाल दिया. वारदात के बाद वह सामान्य व्यवहार करने की कोशिश करती रही और अपने अस्पताल में भर्ती पति से मिलने भी पहुंची.


सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

वंदना के लापता होने की सूचना पहले चंदन नगर थाने में भी दी गई थी. राऊ पुलिस ने हत्या की आशंका को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. फुटेज में पार्वती अपने पति भूपेंद्र पटेल के साथ घर से निकलती दिखाई दीं. इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और उन्हें अरबिंदो अस्पताल से हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास सामने आने की बात पुलिस ने कही.

पूछताछ के बाद चाकू बरामद

पुलिस का कहना है कि लगातार पूछताछ के दौरान पार्वती से मिली जानकारी और घटनास्थल से जुड़े सुरागों को सामने रखा गया. इसके बाद उन्होंने हत्या की बात स्वीकार की. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया. डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत के मुताबिक मामले का खुलासा कर पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

एक महीने पहले हुई थी वंदना की शादी

वंदना ने 11 अगस्त को उपेंद्र के साथ मंदिर में प्रेम विवाह किया था. बताया गया है कि परिवार इस शादी से खुश नहीं था. वंदना की कुछ आदतों को लेकर भी परिजनों में नाराजगी थी. शादी के बाद उपेंद्र ने नेहरू नगर छोड़कर राजनगर में किराए का मकान ले लिया था. हत्या के बाद वंदना का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया. करीब एक महीने में ही नवविवाहिता की जिंदगी खत्म होने से परिवार में मातम है.