सोनम-राजा हनीमून मर्डर मिस्ट्री, पति की मौत पत्नी अभी भी लापता, होटल से चेक आउट करने का आखिरी वीडियो आया सामने

मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) में एक नवविवाहित जोड़े, राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. हाल ही में सामने आई सीसीटीवी फुटेज में ये कपल 22 मई की शाम को एक होटल से चेकआउट करते दिखाई दिया.

x
Garima Singh

Indore couple disappearance: मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) में एक नवविवाहित जोड़े, राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. हाल ही में सामने आई सीसीटीवी फुटेज में ये कपल 22 मई की शाम को एक होटल से चेकआउट करते दिखाई दिया. यह उनकी आखिरी पुष्टि हुई मौजूदगी थी. इसके बाद, राजा का क्षत-विक्षत शव वेइसाडोंग झरने के पास एक गहरी खाई में मिला, जबकि सोनम अभी भी लापता है. 

पुलिस ने पुष्टि की कि राजा की हत्या एक पारंपरिक हथियार ‘दाओ’ से की गई है. पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने बताया, “हमने एक ‘दाओ’ बरामद किया है. यह नया था और इसका इस्तेमाल सिर्फ़ इसी उद्देश्य के लिए किया जाता है. उन्होंने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह हत्या थी. हमें मकसद का पता लगाना है.' पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि यह साफ़ हो सके कि राजा की मौत खाई में गिरने से पहले हुई या बाद में. 

सोनम के अपहरण की आशंका

सोनम के भाई गोविंद दो सप्ताह से मेघालय में उसकी तलाश कर रहे  हैं. उनका दावा है कि उनकी बहन जीवित है. उन्होंने कहा, “मेरी बहन जीवित है. उसका अपहरण कर लिया गया है. मैं मेघालय के सीएम से अनुरोध करना चाहता हूं कि वे शव की तलाश करना बंद करें.' गोविंद ने जांच की धीमी गति पर निराशा जताई और मामले को अपहरण के दृष्टिकोण से जांचने की मांग की. 

पुलिस की जांच और मकसद की तलाश

पुलिस ने राजा का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और हत्या के साथ-साथ सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया है. एसपी सिम ने कहा, “इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.” “हम किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर सकते। हां, हत्या के लिए हथियार का इस्तेमाल किया गया था. क्या मकसद लूटपाट, प्रतिशोध या कोई व्यक्तिगत विवाद था, हमें और सबूतों की जरूरत है.” सोनम की तलाश जारी है, और पुलिस अपहरण या साजिश की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है.