IPL 2026

हाथ में पिस्टल, कैमरा ऑन कर हाईवे पर बन रही थी रील...बाइक की ट्रक से हुई जोरदार टक्कर; 3 की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के मौगंज में रील बनाते समय तेज रफ्तार बाइक ट्रॉली से टकरा गई, जिससे तीन लड़कों की मौत और दो युवक घायल हो गए.

@MithilaWaaala x account
Km Jaya

मऊगंज: अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में 14 अप्रैल को हाईवे पर सोशल मीडिया स्टंट करना जानलेवा साबित हुआ. इस हादसे में तीन सगे भाइयों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा मऊगंज पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे के पन्नी पथरिया इलाके में हुआ. 

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोग शामिल थे. अधिकारियों के अनुसार तीन भाई एक तेज रफ्तार पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ईंटों से लदी एक ट्रॉली से जा टकराई. रील बनाने की कोशिश के दौरान बाइक पर पीछे बैठे एक युवक को हाथ में देसी पिस्तौल लहराते हुए देखा गया.

कैसे हुआ हादसा?

हादसे के एक वीडियो में तीनों युवकों को एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है, तभी अचानक उनके सामने वह खड़ी ट्रॉली आ जाती है. तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को कंट्रोल न कर पाने के कारण वे जोरदार टक्कर के साथ ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा जाते हैं. तीनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इस हादसे की चपेट में एक दूसरी मोटरसाइकिल भी आ गई. इस बाइक पर दो युवक सवार थे, जो पीछे से इस स्टंट का वीडियो बना रहे थे. उनकी बाइक भी उसी खड़ी ट्रॉली से जा टकराई. इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए.

किन-किन लोगों की हुई मौत?

हादसे में मारे गए युवकों की पहचान 17 वर्षीय उपलक्ष कोल, 22 वर्षीय अमरीश कोल और 17 वर्षीय हेमराज कोल के रूप में हुई है. ये तीनों बेला गांव के एक ही परिवार के सदस्य थे.

घायल युवकों, चितपुरवा गांव के प्रशांत द्विवेदी और उनके भाई प्रदीप द्विवेदी को पहले एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया.

SDPO साची पाठक ने क्या बताया?

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी यानी SDPO साची पाठक ने बताया कि यह हादसा सोशल मीडिया के लिए कंटेंट बनाने की कोशिश में की गई लापरवाही भरी ड्राइविंग के कारण हुआ. पुलिस ने इस घटना की आगे की जांच शुरू कर दी है.