ग्वालियर में दिनदहाड़े कोचिंग से लौट रही छात्राओं से बाइक सवारों ने की छेड़छाड़, एक आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर के भितरवार में कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं को बाइक सवार युवकों ने कथित तौर पर रोककर छेड़छाड़ और मारपीट की. घटना CCTV में कैद हो गई और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार में कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं के साथ बाइक सवार युवकों द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है. कमला स्कूल रोड पर दिनदहाड़े हुई यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है. दोनों छात्राएं कोचिंग से घर लौट रही थीं, तभी स्प्लेंडर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि युवकों ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की. छात्राओं ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई.
CCTV फुटेज में क्या दे रहा दिखाई?
CCTV फुटेज में बाइक सवार युवक छात्राओं का पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि युवकों ने आगे बढ़ने के बाद दोबारा छात्राओं को रोककर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. घटना के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए.
Also Read
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. भितरवार पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
एसडीओपी गगन हनमत ने बताया कि पुलिस के पास घटना का CCTV फुटेज मौजूद है और इसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. उन्होंने बताया कि अभी तक छात्राओं या उनके परिवार की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
स्थानीय नेता ने कार्रवाई की मांग की
भितरवार नगर परिषद के उपाध्यक्ष मन्नू यादव ने घटना को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं और छात्राओं के साथ इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं. मन्नू यादव ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.