मध्य प्रदेश में बारिश से भरभराकर गिरी मकान की छत, मलबे में दबा पूरा परिवार; मां-बेटे की मौत
ग्वालियर के डबरा में बारिश के दौरान दो मंजिला कच्चे मकान की छत गिरने से मां और दो साल के बेटे की मौत हो गई.
Gwalior Roof Collapse: ग्वालियर के डबरा में बुधवार रात बारिश के बीच एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. जंगीपुरा इलाके में कच्चे मकान की छत अचानक गिर गई. हादसे में परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए. रेस्क्यू के बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां मां और बेटे की मौत हो गई.
पड़ोसी बोले- इलाज में बरती लापरवाही
हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घर के पास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. स्थानीय लोगों और पुलिस ने मलबा हटाकर पांचों को बाहर निकाला. डबरा सिविल अस्पताल ले जाते समय दो साल के आदित्य रजक उर्फ गुन्नू की मौत हो गई. उसकी मां सीमा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पिता जागेंद्र रजक (38) और बेटियां वैशाली (5) व रागनी (8) को ग्वालियर रेफर किया गया. परिजनों और पड़ोसियों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. वीरू रजक ने कहा कि सीमा अस्पताल पहुंचने पर सांस ले रही थी. अधिकारियों ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया.
दो बेटियां चाचा के घर थी
परिवार करीब 15 साल से किराये के इस जर्जर मकान में रह रहा था. जागेंद्र ग्वालियर की जूता फैक्ट्री में काम करते हैं और रोज ट्रेन से आते-जाते हैं. उनकी पत्नी सीमा घरों में झाड़ू-पोंछे का काम करती थी. हादसे के समय उनकी दो बेटियां नैंसी और गौरी चाचा राघवेंद्र रजक के घर थी, इसलिए दोनों सुरक्षित बच गईं. हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम नवकिरण कौर, एसडीओपी सौरभ कुमार और तहसीलदार नवीन भारद्वाज अस्पताल पहुंचे. उन्होंने परिवार से मुलाकात की और आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया.