menu-icon
India Daily

'अमीर बना दो महादेव, सुंदर लड़के नहीं देखूंगा...' NEET पास करने के लिए मिली ऐसी मन्नत पर्ची, अधिकारियों की भी छूट गई हंसी

ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर की दान पेटी से मिली अनोखी मन्नतों की पर्चियां चर्चा में हैं. एक युवक ने अमीर बनने के लिए अनोखा संकल्प लिया, जबकि छात्र ने री-नीट परीक्षा में सफलता की प्रार्थना की.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
'अमीर बना दो महादेव, सुंदर लड़के नहीं देखूंगा...' NEET पास करने के लिए मिली ऐसी मन्नत पर्ची, अधिकारियों की भी छूट गई हंसी
Courtesy: Social Media

मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर की दान पेटियां खुलने के बाद केवल नकद चढ़ावा ही नहीं मिला, बल्कि श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ी कई दिलचस्प मन्नतें भी सामने आईं. इनमें कुछ पर्चियां ऐसी थीं, जिन्होंने मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों और मौजूद अधिकारियों का भी ध्यान खींच लिया. सबसे अधिक चर्चा एक युवक की लिखी मन्नत की हो रही है. उसने भगवान शिव से आर्थिक सफलता की कामना करते हुए खुद पर कई नियम लागू करने का संकल्प लिया. वहीं एक छात्र ने री-नीट परीक्षा में सफलता और सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की प्रार्थना की. इन अनोखी मन्नतों की अब हर ओर चर्चा हो रही है.

महादेव के चरणों में लिखे गए अनोखे संकल्प

ग्वालियर का अचलेश्वर महादेव मंदिर प्राचीन स्वयंभू शिव मंदिर माना जाता है. यहां श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं पर्चियों पर लिखकर दान पेटी में डालते हैं. जून महीने की दान पेटियां बैंक और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में खोली गईं. इस दौरान चढ़ावे के साथ बड़ी संख्या में मन्नतों की पर्चियां भी सुरक्षित निकाली गईं.

अमीर बनने के लिए युवक ने खुद पर लगाए नियम

दान पेटी से मिली एक पर्ची सबसे ज्यादा चर्चा में रही. इसमें युवक ने भगवान शिव से जल्द अमीर बनने की कामना की और लिखा कि वह खुद से बातें नहीं करेगा, बेवजह सपने नहीं देखेगा, बिना वादा किए कोई काम नहीं करेगा और जब तक उसकी मासिक आय एक लाख रुपये नहीं हो जाती, तब तक किसी के घर नहीं जाएगा.

एक पंक्ति ने सबको चौंका दिया

उसी पर्ची में युवक ने आगे लिखा कि अगले दो से तीन वर्षों में वह अमीर बनेगा और हमेशा खुश रहेगा. उसने यह भी संकल्प लिया कि सड़क पर चाहे कितने भी सुंदर लड़के दिखाई दें, वह उनकी ओर नहीं देखेगा. यह अनोखा संकल्प पढ़कर मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और दान की गिनती में शामिल अधिकारी भी हैरान रह गए.

री-नीट परीक्षा के लिए भी मांगा आशीर्वाद

एक अन्य पर्ची में एक छात्र ने भगवान अचलेश्वर महादेव से री-नीट परीक्षा में अच्छे अंक लाने और मध्य प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलने की प्रार्थना की. इसके अलावा कई श्रद्धालुओं ने परिवार के स्वास्थ्य, सरकारी नौकरी, आर्थिक संकट से राहत और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी मनोकामनाएं भी लिखीं.

दान पेटी में मिला लाखों का चढ़ावा

मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, जून महीने की गणना में लगभग 20 सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों और डाक विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया. दान पेटियों से 5 लाख 52 हजार 580 रुपये नकद, चांदी के नाग-नागिन के जोड़े और कुछ पुराने सिक्के भी मिले. ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालु यहां सिर्फ चढ़ावा ही नहीं, बल्कि अपनी उम्मीदें और जीवन के सपने भी भगवान शिव के चरणों में समर्पित करते हैं.