ग्वालियर में 16 साल की छात्रा की हत्या से हड़कंप, 12 घंटे में पुलिस ने ऐसे खोला पूरा राज
ग्वालियर में 16 वर्षीय छात्रा की हत्या का मामला पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया. शादी से इनकार के बाद हत्या का आरोप है. पुलिस ने ईशान खान और अरवाज खान को गिरफ्तार कर कार जब्त की.
ग्वालियर के कम्पू थाना क्षेत्र स्थित कैंसर पहाड़िया में 16 वर्षीय नाबालिग की हत्या से सनसनी फैल गई. छात्रा 30 अगस्त की सुबह काम पर गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी. परिजनों ने तलाश के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई और एक युवक पर संदेह जताया. अगले दिन सड़क किनारे झाड़ियों में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की. CCTV फुटेज, मुखबिर तंत्र और मोबाइल चैट की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और पुलिस ने 12 घंटे में पर्दाफाश कर दिया.
गुमशुदगी के बाद शुरू हुई तलाश
मृतका अवाडपुरा की रहने वाली और 8वीं कक्षा की छात्रा थी. आर्थिक स्थिति के कारण वह नया बाजार की मणी साड़ी दुकान पर काम करती थी. 30 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे दुकान पहुंची, लेकिन रात तक घर नहीं लौटी. दुकानदार ने बताया कि वह पहले ही निकल चुकी थी. परिजनों ने तलाश के बाद रात 12 बजे कम्पू थाने में शिकायत दर्ज कराई.
झाड़ियों में मिला शव
31 अगस्त की सुबह राहगीरों ने कैंसर पहाड़िया की सड़क किनारे झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी. फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. गले पर चोट के निशान मिले. परिजनों ने शव की पहचान अनन्या के परिवर्तित नाम से की. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिवार ने ईशान पर शादी के लिए दबाव और धमकी देने का आरोप लगाया है.
Also Read
मोबाइल और CCTV से खुला राज
परिजनों ने पुलिस को ईशान का मोबाइल सौंपा, जिसमें युवती से बातचीत के ऑडियो और व्हाट्सएप चैट होने की बात सामने आई. SSP धर्मवीर सिंह के निर्देश पर पांच टीमें बनाई गईं. CCTV और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने महलगांव गली नंबर 3 से ईशान खान और अरवाज खान को पकड़ लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार भी बरामद की.
पूछताछ में सामने आया घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 30 अगस्त शाम परिचित से बलेनो कार ली और साड़ी दुकान की रेकी की. रात करीब 9 बजे KRG कॉलेज के पास से युवती को कार में बैठाने की बात पूछताछ में सामने आई. इसके बाद उसे कैंसर पहाड़िया ले जाया गया, जहां उसकी हत्या का आरोप है. रात करीब 11 बजे कार वापस कर दी गई. पुलिस पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई करेगी.