menu-icon
India Daily

बेटी की पसंद की शादी से नाराज थी मां? गला घोंटकर उतारा मौत के घाट; अंतिम संस्कार से पहले खुला राज

भोपाल के पिपलानी इलाके में 17 वर्षीय किशोरी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां इसके खिलाफ थी.

babli
Edited By: Babli Rautela
बेटी की पसंद की शादी से नाराज थी मां? गला घोंटकर उतारा मौत के घाट; अंतिम संस्कार से पहले खुला राज
Courtesy: AI

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पिपलानी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी आयुषी की उसकी मां और मामा ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी. शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां इसके खिलाफ थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

किशोरी की मौत के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस को घटना की सूचना मिली. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर किशोरी की मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार कर लिया.

शादी को लेकर मां-बेटी में चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या की वजह किशोरी की शादी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सामने आया है. बताया जा रहा है कि किशोरी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां चाहती थी कि बेटी की शादी परिवार की पसंद के युवक से हो. इसी मुद्दे को लेकर मां-बेटी के बीच लगातार विवाद चल रहा था. पुलिस को आशंका है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते मां और मामा ने कथित तौर पर किशोरी की हत्या कर दी.

मौत को सामान्य बताकर अंतिम संस्कार की तैयारी

किशोरी की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे. पुलिस को जब इसकी सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. 29 अगस्त की शाम पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के तौर पर लेते हुए जांच आगे बढ़ाई.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और शुरुआती जांच में किशोरी की मां और मामा की भूमिका सामने आई. इसके बाद पिपलानी थाना पुलिस ने किशोरी की मां कमला और मामा विजय राय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या से पहले और बाद के घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.