9 का दूल्हा 8 की दुल्हन... MP के गांव में बैंड बाजा बारात के साथ हुई शादी, माता-पिता सहित इन लोगों पर हुआ एक्शन
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में 8 और 9 साल के बच्चों की शादी का मामला सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के भोजपुर थाना क्षेत्र में बाल विवाह कराया गया. इस घटना ने एक बार फिर समाज में मौजूद कुप्रथा की गंभीरता को उजागर कर दिया है. बताया जा रहा है कि 9 साल के लड़के और 8 साल की बच्ची की शादी पूरे रीति रिवाज के साथ कराई गई. शादी में मेहंदी, हल्दी, बैंड बाजा और बारात जैसी सभी रस्में निभाई गईं.
इस बाल विवाह की जानकारी प्रशासन को पहले ही मिल गई थी. टीम मौके पर पहुंची भी थी. लेकिन परिवार वालों ने चालाकी दिखाते हुए प्रशासन को गुमराह कर दिया. उन्होंने टीम के सामने किसी दूसरे लड़के को दूल्हा बताकर पेश कर दिया. प्रशासन को लगा कि सब कुछ सामान्य है और टीम वापस लौट गई. लेकिन जैसे ही टीम वहां से गई, अगले ही दिन असली नाबालिग बच्चों की शादी करा दी गई.
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और तुरंत कार्रवाई की गई. महिला एवं बाल विकास विभाग की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. जांच के बाद यह साफ हुआ कि नाबालिग बच्चों की शादी कराई गई थी.
इन लोगों पर हुई कार्रवाई
मामले में सिर्फ बच्चों के माता पिता ही नहीं बल्कि शादी से जुड़े कई दूसरे लोगों पर भी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने माता पिता के अलावा पंडित, टेंट लगाने वाले, घोड़ी वाले और शादी में सहयोग करने वाले कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. यह कार्रवाई सख्त संदेश देती है कि बाल विवाह में शामिल कोई भी व्यक्ति कानून से नहीं बच सकता.
मामले में स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जांच के बाद बाल विवाह की बात सही पाई गई है. इसके बाद सभी जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि गांव के सरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य जिम्मेदार लोगों को इस घटना की जानकारी क्यों नहीं मिली.