menu-icon
India Daily

नेपाल की बाढ़ का खौफनाक असर, यूपी के कुशीनगर के गंडक नदी में 4 दिन में मिले 13 शव

नेपाल की भीषण बाढ़ के बाद गंडक नदी में शव मिलने का सिलसिला जारी है. कुशीनगर में रविवार को चार और शव बरामद हुए हैं. इनमें दो महिलाएं और दो पुरुष हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नेपाल की बाढ़ का खौफनाक असर, यूपी के कुशीनगर के गंडक नदी में 4 दिन में मिले 13 शव
Courtesy: @VishalVishwkrm X Account

कुशीनगर: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद उसका असर अब उत्तर प्रदेश के कुशीनगर तक दिखाई देने लगा है. गंडक नदी में लगातार शव मिलने का सिलसिला जारी है. रविवार को नदी से चार और शव बरामद किए गए. इनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. अभी तक किसी भी शव की पहचान नहीं हो सकी है.

SDRF की टीम रविवार को छितौनी बांध के भेड़ियारी ठोकर नंबर-3 के पास गंडक नदी की निगरानी कर रही थी. इसी दौरान जवानों को पानी में चार शव दिखाई दिए. टीम ने नदी में उतरकर सभी शवों को बाहर निकाला. इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू की गई.

कुल 13 शव निकाले

एक दिन पहले भी इसी इलाके में तीन शव बरामद हुए थे. पुलिस के अनुसार पिछले चार दिनों में गंडक नदी से कुल 13 शव निकाले जा चुके हैं. आशंका जताई जा रही है कि ये शव नेपाल में आई बाढ़ के तेज बहाव के साथ गंडक नदी में बहकर कुशीनगर पहुंचे हैं. हालांकि, पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद शव नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों के हैं या नहीं.

बरामद शवों को मोर्चरी भेजा

खड्डा थाने के पुलिस अधिकारी संदीप कुमार सिंह के मुताबिक, जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद शवों को मोर्चरी भेजा गया है. कुशीनगर की मोर्चरी में जगह भर जाने के कारण कुछ शवों को गोरखपुर भेजा गया है. पुलिस शवों की पहचान कराने की कोशिश कर रही है.

बरामद शवों की जानकारी नेपाल के सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को भी दी गई है. पुलिस और प्रशासन की टीमें नदी के आसपास लगातार निगरानी कर रही हैं. शवों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है.

नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही

नेपाल में 26 अगस्त को तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के बाद भारी बाढ़ आई थी. बर्फ, चट्टानों और मलबे के तेज बहाव ने कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया. बाढ़ के कारण सड़कों, पुलों और दूसरे बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा. कई हाइड्रोपावर स्टेशन भी प्रभावित हुए. भोटेकोशी नदी के रास्ते आगे बढ़े बाढ़ के पानी ने उत्तरी और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई. रविवार तक नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 788 पहुंच गई थी. वहीं, 2,500 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए गए हैं.

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में 275 से ज्यादा भारतीय नागरिकों से संपर्क नहीं हो पाया है. इसके अलावा 128 भारतीय मूल के लोगों के भी संपर्क से बाहर होने की जानकारी सामने आई है. रविवार को मंत्रालय ने 149 लोगों के सुरक्षित बचाए जाने की सूची जारी की. कुशीनगर में बरामद शवों की पहचान के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इनमें नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोग शामिल हैं या नहीं.