menu-icon
India Daily

कावेरी नदी में दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत; पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

कर्नाटक के मांड्या जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुथाथी में कावेरी नदी ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान ले ली. पूजा-अर्चना के बाद नदी किनारे पहुंचे परिवार के सदस्य तस्वीरें खिंचवाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गए.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
कावेरी नदी में दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत; पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
Courtesy: AI

कर्नाटक के मांड्या जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. मालवल्ली तालुक स्थित प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल मुथाथी में कावेरी नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. यह घटना शाम करीब पांच बजे उस समय हुई जब परिवार के सदस्य मंदिर दर्शन के बाद नदी किनारे घूमने पहुंचे थे.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार चन्नापटना के ब्यादाराहल्ली गांव का रहने वाला था और मुथाथिराया मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए मुथाथी आया था. दर्शन के बाद सभी लोग कावेरी नदी के तट पर पहुंचे, जहां वे यादगार तस्वीरें लेने के लिए पानी के करीब चले गए. इसी दौरान नदी के तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वे पानी में फंस गए और देखते ही देखते बहाव की चपेट में आ गए.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चैत्रा (20), प्रियंका (28), श्वेता (38), विजयम्मा (50) और महेश के रूप में की गई है. सभी एक ही परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं. घटना की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी उन्हें बचाने में सफल नहीं हो सके. कुछ ही क्षणों में पांचों लोग नदी की तेज धार में लापता हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही हलगुरु पुलिस स्टेशन की टीम और अग्निशमन एवं बचाव विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया गया. राहत की बात यह रही कि बचाव दल ने कुछ समय बाद ही सभी पांचों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया.

मामले की जांच शुरू

मांड्या जिले की पुलिस अधीक्षक वीजे शोभा रानी ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पुष्टि की कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मांड्या इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एमआईएमएस) अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.