IPL 2026

कर्नाटक में बड़ा हादसा, सीप इकट्टा करने के दौरान नदी में डूबने से 8 लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में नदी में डूबकर 8 लोगों की मौत हो गई है. दो लोग अभी भी लापता है जिनकी तलाश की जा रही है.

@NewsLeaderLive
Kuldeep Sharma

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां नदी में सीप इकट्ठा करने गए एक ही गांव के आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई. मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं हैं. अधिकारियों के मुताबिक नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ. दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

सीप इकट्ठा करने गए थे मृतक

यह दुर्घटना शिराली गांव के पास टट्टे हक्कलु नदी में हुई है. पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों का एक समूह नदी में सीप इकट्ठा करने गया था जो कि इस इलाके में एक आम बात है. इनमें से कई लोग इस काम में अनुभवी थे और पहले भी कई बार नदी में जा चुके थे. लेकिन पास के इलाकों में हुई भारी बारिश की वजह से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पानी की रफ्तार बेहद खतरनाक हो गई.

अधिकारियों ने बताया कि बहाव कितना तेज हो चुका है इसका अंदाजा लगाए बिना यह समूह धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ चला गया. देखते ही देखते एक-दो लोग पानी के तेज बहाव में बहने लगे. उन्हें बचाने के चक्कर में दूसरे लोगों ने भी नदी में छलांग लगा दी लेकिन वे भी उस तेज धारा में फंस गए. इसके बाद एक-एक करके कई लोग डूब गए और यह पूरा मामला एक बड़ी त्रासदी में बदल गया.

पुलिस ने 8 लोगों के शव किए बरामद

पुलिस ने अब तक नदी से आठ शव बरामद किए हैं जिनमें सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. ये सभी मृतक शिराली गांव के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान उमेश मंजूनाथ नाइक, लक्ष्मी महादेव नाइक, लक्ष्मी जट्टप्पा नाइक, लक्ष्मी अप्पन्ना नाइक, लक्ष्मी शिवराम नाइक, ज्योति मस्ताम्मा नाइक, मालती नाइक और मस्ताम्मा नाइक के रूप में हुई है. इस हादसे में नागरत्ना और महादेवी नाम की दो महिलाओं को जिंदा बचा लिया गया है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सर्च टीमें, पुलिस और स्थानीय लोग अभी भी लापता दो लोगों को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं.

सीएम और पीएम ने की मुआवजे की घोषणा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस त्रासदी पर शोक व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है.