कर्नाटक में नकली दवाओं का बड़ा खेल बेनकाब, करोड़ों के रैकेट का हुआ खुलासा; 16 लाइसेंस रद्द और 8 सस्पेंड
कर्नाटक FDA ने बिदादी के एक फार्महाउस में नकली दवा रैकेट का खुलासा किया है. कार्रवाई में 5.05 करोड़ रुपये की संदिग्ध दवाएं, पैकेजिंग मशीनें और फर्जी प्रिंटिंग सामग्री जब्त की गई.
कर्नाटक में नकली और फर्जी लेबल वाली दवाओं के कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी FDA ने बड़ी कार्रवाई की है. बिदादी स्थित एक फार्महाउस में छापेमारी के बाद विभाग ने 16 ड्रग लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिए हैं, जबकि 8 लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं. कार्रवाई के दौरान 5.05 करोड़ रुपये की संदिग्ध नकली दवाएं, पैकेजिंग मशीनें और फर्जी प्रिंटिंग सामग्री जब्त की गई.
FDA के मुताबिक 18 अगस्त 2026 को बिदादी के फार्महाउस पर छापा मारा गया था. जांच में आरोप सामने आया कि सस्ती दवाओं को दोबारा पैक करके उन पर महंगी और जीवनरक्षक विदेशी दवाओं के फर्जी लेबल लगाए जा रहे थे. इसके बाद इन्हें बाजार में महंगी दवाओं के तौर पर बेचने की तैयारी की जा रही थी.
करोड़ों की दवाएं और मशीनें जब्त
छापेमारी के दौरान FDA ने बड़ी मात्रा में इंजेक्शन और अन्य दवाएं बरामद कीं. इनमें 3.38 करोड़ रुपये कीमत के 'CEFIAVIGENT 2.5' इंजेक्शन की 5,640 शीशियां शामिल हैं. इसके अलावा 52.24 लाख रुपये के 'HIZLAM' इंजेक्शन की 1,531 शीशियां भी जब्त की गईं.
Also Read
- बेंगलुरु किडनैपिंग केस में बड़ा ट्विस्ट, ससुराल वालों ने ही रची थी महिला के अपहरण की साजिश
- Bengaluru Woman Kidnapping Case: प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने उठाया खौफनाक कदम! बेंगलुरु में महिला को ले जा रही कार से मची तबाही
- कर्नाटक MLA की भतीजी को बिना ड्यूटी किए हर महीने मिलती रही 70 हजार से ज्यादा सैलरी! जांच शुरू
अधिकारियों को करीब 35 लाख रुपये की एक्सपायर्ड दवाएं भी मिलीं. इसके साथ ही दवाओं की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें, फर्जी लेबल और मोहरें भी बरामद की गईं. FDA ने जब्त सामग्री को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है.
थोक और खुदरा नेटवर्क पर भी कार्रवाई
FDA ने रैकेट से जुड़ी थोक और खुदरा सप्लाई चेन की भी जांच की. इसी कार्रवाई के तहत नेलमंगला स्थित 'फाइजर सीएंडएफ डिपो' का लाइसेंस भी सस्पेंड किया गया है. विभाग संदिग्ध दवाओं की सप्लाई और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है.
FDA पोर्टल पर दवाएं ब्लॉक, SIT की जांच जारी
FDA ने जब्त की गई संदिग्ध दवाओं की बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी है. इन दवाओं को FDA पोर्टल पर भी ब्लॉक किया गया है. बरामद दवाओं के सैंपल लैब टेस्ट के लिए भेजे गए हैं. मामले की पूरी जांच और रैकेट से जुड़े लोगों की पहचान के लिए SIT भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.