Asian Games 2026 BRICS 2026

मैसूरु में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी और दो बेटियों की हत्या के बाद व्यक्ति ने की आत्महत्या; जानें मामला

कर्नाटक के मैसूरु जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बेटियों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

मैसूरु: कर्नाटक के मैसूरु जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई. पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी और दो बेटियों की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

यह घटना मैसूरु जिले के हुंसूर कस्बे के न्यू मारुति लेआउट इलाके की है. मृतकों की पहचान 49 वर्षीय हरीश, उनकी 36 वर्षीय पत्नी निश्चिता, 13 वर्षीय बेटी नेक्सा और 6 वर्षीय बेटी रक्षा के रूप में हुई है.

शुरुआती जांच में क्या आया सामने?

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार हरीश ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के मुंह चिपकने वाली टेप से बंद कर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद वह घर की पहली मंजिल पर गया और वहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.


घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया. पुलिस के अनुसार नोट के ऊपर लिखा था कि वह ऊपर वाले कमरे में फांसी लगा रहा है. इसके नीचे "मेरी अंतिम इच्छाएं" शीर्षक के साथ कुछ बातें लिखी गई थीं. हालांकि पुलिस ने नोट की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.

क्या है इसके पीछे की वजह?

फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. परिवार की आर्थिक, सामाजिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.

हुंसूर टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सुसाइड नोट के विश्लेषण के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी. पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी.

इस घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्याओं और समय पर सहायता मिलने के महत्व पर ध्यान खींचा है. हालांकि अभी पुलिस ने किसी निश्चित कारण की पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.