कर्नाटक में मंत्रियों को मिला विभाग, CM शिवकुमार ने अपने पास रखे वित्त समेत कई अहम मंत्रालय

कर्नाटक सरकार ने कैबिनेट के सभी 23 मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है. मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने वित्त, कानून, खुफिया और कार्मिक प्रशासन समेत कई महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: कर्नाटक में नई कैबिनेट के गठन के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी पूरा हो गया है. मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने खुद कई महत्वपूर्ण मंत्रालय अपने पास रखे हैं. इनमें वित्त, कैबिनेट मामले, खुफिया, कानून, न्याय, सूचना और कार्मिक प्रशासन जैसे विभाग शामिल हैं. सरकार ने अलग-अलग मंत्रियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, उद्योग, श्रम, पर्यावरण और कल्याण से जुड़े विभाग सौंपे हैं. इसके साथ ही कैबिनेट में शामिल सभी 23 मंत्रियों की जिम्मेदारियां तय हो गई हैं.

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार वित्त, कैबिनेट मामलों, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, खुफिया, सूचना, कानून, न्याय और मानवाधिकार विभाग संभालेंगे. उनके पास संसदीय कार्य और विधायी मामले भी रहेंगे. कृषि विपणन, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग तथा BDA और BMRDA के अंतर्गत आने वाले सभी शहरी निकाय भी मुख्यमंत्री के अधीन होंगे. जिन विभागों का आवंटन नहीं हुआ है, उनकी जिम्मेदारी भी फिलहाल मुख्यमंत्री के पास रहेगी.

आवास से लेकर पर्यावरण तक जिम्मेदारी तय

बीजेड जमी‍र अहमद खान को आवास विभाग दिया गया है. रामलिंगा रेड्डी वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण की जिम्मेदारी संभालेंगे. लक्ष्मण सावदी को कृषि विपणन को छोड़कर सहकारिता विभाग मिला है. रुद्रप्पा मनप्पा लामाणी चीनी और कपड़ा विभाग देखेंगे, जबकि केएच मुनियप्पा सामाजिक कल्याण मंत्रालय संभालेंगे. शिवराज तंगडागी को पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा कन्नड़ एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.


स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी फोकस

यूटी खादर अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग संभालेंगे. टी. रघुमूर्ति को अनुसूचित जनजाति कल्याण और डॉ. अजय सिंह को लघु सिंचाई तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मिला है. चेलुवरायस्वामी प्रमुख एवं मध्यम सिंचाई देखेंगे. मधु बंगारप्पा प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा और बसवराज राय रेड्डी उच्च शिक्षा विभाग संभालेंगे.

उद्योग, श्रम और कृषि की जिम्मेदारियां

शिवलिंगे गौड़ा को वित्त विभाग से अलग कर आबकारी मंत्रालय दिया गया है. पुत्तरंगा शेट्टी पशुपालन एवं रेशम उत्पादन संभालेंगे, जबकि विजयानंद काशप्पनवर को लघु उद्योग और सार्वजनिक उपक्रमों की जिम्मेदारी मिली है. संतोष लाड श्रम एवं रोजगार देखेंगे. केएस बसवन्तप्पा मुजराई, मत्स्य पालन, बंदरगाह और अंतर्देशीय जल परिवहन संभालेंगे. एसएस मल्लिकार्जुन को खान एवं भूविज्ञान तथा बागवानी विभाग सौंपा गया है.

खाद्य और नगर प्रशासन भी बंटा

रिजवान अरशद को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मिले हैं. नरेंद्र स्वामी कृषि विभाग संभालेंगे, जबकि एचसी बालकृष्ण को नगर प्रशासन दिया गया है. बी. नागेंद्र योजना एवं सांख्यिकी विभाग देखेंगे. विभागों के अंतिम बंटवारे के साथ सरकार ने मंत्रियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी हैं. अब मंत्रियों के सामने अपने-अपने विभागों में कामकाज को गति देने और सरकार की प्राथमिकताओं को लागू करने की चुनौती होगी.