वीडियो कॉल कर बॉडी बिल्डर ने दे दी जान, ब्लैकमेलिंग के जाल में उलझकर खत्म कर ली जीवनलीला
कर्नाटक के नेलमंगला में एक जिम ट्रेनर ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली. आरोप है कि एक विवाहित महिला उसे संपत्ति के लिए प्रताड़ित कर रही थी. युवक ने फंदा लगाने से पहले महिला को वीडियो कॉल भी किया था.
नई दिल्ली: इंसान जब मानसिक प्रताड़ना के जाल में बुरी तरह फंस जाता है, तो वह अक्सर ऐसे कदम उठा लेता है जो पूरे समाज को झकझोर देते हैं. कर्नाटक के नेलमंगला तालुक के वजरहल्ली से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय जिम ट्रेनर और उभरते हुए बॉडी बिल्डर दिलीप ने आत्महत्या कर ली. यह केवल एक मौत नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग और संपत्ति के लिए प्रताड़ना की एक उलझी हुई कहानी है, जिसमें दिलीप ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली.
दिलीप पेशे से जिम ट्रेनर थे और एक अनुशासित जीवन जी रहे थे. उनकी मुलाकात योगिता नाम की एक विवाहित महिला से हुई, जो फिटनेस ट्रेनिंग के लिए उनके जिम में आती थी. शुरुआती जान-पहचान जल्द ही एक निजी रिश्ते में तब्दील हो गई. हालांकि, यह रिश्ता दिलीप के लिए सुकून के बजाय अपराध और मानसिक तनाव का कारण बन गया. दो बच्चों की मां के साथ यौन संबंधों की एक गलती दिलीप के लिए भारी पड़ गई. एक साल पहले भी इनके बीच विवाद हुआ था, जो पुलिस स्टेशन तक पहुंचा और वहां आपसी समझौते के बाद मामला शांत हुआ था. लेकिन दिलीप के पिता रमेश का आरोप है कि योगिता ने दिलीप को छोड़ना तो दूर, उसे और अधिक प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था.
संपत्ति के लिए ब्लैकमेलिंग का संगीन आरोप
दिलीप के पिता ने इस अपराध के पीछे के कारणों का खुलासा करते हुए योगिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि योगिता दिलीप को मानसिक रूप से इस हद तक प्रताड़ित कर रही थी कि वह दिलीप के नाम पर रजिस्टर्ड घर को अपने बेटे के नाम पर ट्रांसफर करवाने का दबाव डाल रही थी. दिलीप के पिता के अनुसार, संपत्ति की इसी भूख और लगातार ब्लैकमेलिंग ने उनके बेटे को मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था. पिता का दावा है कि उनके बेटे को संपत्ति के नाम पर मानसिक रूप से शिकार बनाया गया, जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया.
वीडियो कॉल पर लाइव मौत: दहशत में आया परिवार
इस सुसाइड की सबसे खौफनाक बात यह रही कि दिलीप ने फंदा लगाने से ठीक पहले योगिता को वीडियो कॉल किया था. दिलीप को फंदे पर झूलते देख योगिता बुरी तरह डर गई और उसने तुरंत दिलीप की बहन को इंस्टाग्राम के जरिए इस घटना की सूचना दी. जैसे ही परिवार के सदस्यों को पता चला, उन्होंने दिलीप के कमरे का दरवाजा तोड़ दिया, जहां दिलीप फंदे पर तड़प रहा था. उसे आनन-फानन में नेलमंगला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे का वास्तविक कारण क्या था.
नोट: अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.