बेंगलुरु में घर के अंदर छाप रहे थे नकली नोट, ऐसे हुआ खुलासा; 7 गिरफ्तार

बेंगलुरु दक्षिण जिले में पुलिस ने नकली नोट तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क और नकली नोटों की सप्लाई का पता लगा रही है.

Pinterest
Km Jaya

बेंगलुरु: बेंगलुरु दक्षिण जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड किया है. पुलिस ने रामनगर के आइजूर इलाके में एक नवनिर्मित मकान पर छापा मारकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस को मौके से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट तैयार करने से जुडी सामग्री, कागज के बंडल, केमिकल और अन्य सामान बरामद हुआ है.

पुलिस के अनुसार 31 अगस्त को सूचना मिली थी कि आइजूर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक नए बने मकान के अंदर नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान सात लोग मौके पर मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

किन-किन लोगों को किया गया गिरफ्तार?

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष उम्र 35 साल, सतीश उम्र 36 साल, संपत उम्र 33 साल, राजेश उम्र 34 साल, रेणुकाराज उम्र 31 साल, शिवराज उम्र 42 साल और गोविंदराज उम्र 50 साल के रूप में हुई है.


पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो वहां नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कागज और कई तरह की सामग्री मिली. अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामान से करीब 5 लाख रुपये के नकली नोट तैयार किए जाने थे. हालांकि पुलिस की कार्रवाई के समय नोट पूरी तरह तैयार नहीं हुए थे और उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया चल रही थी.

पुलिस ने क्या-क्या किए जब्त?

पुलिस ने नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल भी जब्त किए हैं. इससे आशंका है कि आरोपी घर के अंदर ही नकली नोट तैयार करने का पूरा काम कर रहे थे. मकान में नकली नोट तैयार करने के लिए एक तरह का सेटअप भी बनाया गया था.

पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों के साथ और कितने लोग जुडे हुए हैं. साथ ही पुलिस यह भी पता कर रही है कि अगर पहले नकली नोट तैयार किए गए थे तो उन्हें किन इलाकों में और किस तरीके से चलाया गया. आरोपियों से पूछताछ के जरिए पुलिस गिरोह के पीछे मौजूद लोगों और नकली नोटों की सप्लाई से जुडे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.