कर्नाटक कैबिनेट विस्तार की तैयारी तेज, दिल्ली में राहुल गांधी और खड़गे से मिलेंगे डीके शिवकुमार

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार जल्द ही दिल्ली जाकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करेंगे. राज्य में अभी 20 मंत्री पद खाली हैं और विस्तार को जल्द अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है.

Pinterest
Km Jaya

बेंगलुरु: कर्नाटक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार जल्द ही नई दिल्ली जाकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे. प्रस्तावित बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम चर्चा होने की संभावना है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि उनकी ओर से किसी तरह की देरी नहीं है और पार्टी नेतृत्व से समय मिलते ही वह दिल्ली रवाना होंगे.

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता राज्य विधानसभा का आगामी सत्र है, जिसे 6 अगस्त से बुलाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि जैसे ही कांग्रेस नेतृत्व बैठक की तारीख तय करेगा, वह दिल्ली जाकर चर्चा करेंगे और वापस लौट आएंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार अगले कुछ दिनों में यह बैठक हो सकती है.

वर्तमान में कितने मंत्री हैं?

वर्तमान में कर्नाटक सरकार में मुख्यमंत्री सहित केवल 14 मंत्री हैं, जबकि राज्य में कुल 34 मंत्री बनाए जा सकते हैं. यानी अभी 20 मंत्री पद खाली हैं. इन पदों के लिए करीब चार दर्जन विधायक और विधान परिषद के सदस्य दावेदारी कर रहे हैं. वरिष्ठ नेताओं के बीच मंत्री बनने की होड़ तेज हो गई है और कई नेताओं ने पार्टी नेतृत्व के सामने अपना पक्ष भी रखा है.


सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी के विदेश दौरे से लौटने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया में तेजी आई है. बेंगलुरु और नई दिल्ली में हुई बैठकों के बाद संकेत मिले हैं कि कांग्रेस हाई कमान जल्द ही अंतिम फैसला ले सकती है. मुख्यमंत्री के पद संभालने के 40 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मंत्रिमंडल अब तक अधूरा है, इसलिए विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा बनी हुई है.

बैठकों में क्या हुई चर्चा?

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद नए मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने से पहले कांग्रेस नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं. हाल के दिनों में कई कांग्रेस विधायक बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात कर चुके हैं. इन बैठकों में मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित नामों पर चर्चा हुई है.

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार 17 जुलाई के आसपास हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. दूसरी ओर कावेरी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मांड्या जिले के जनप्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की है और इस विषय पर 15 जुलाई को होने वाली बैठक के बाद राज्य सरकार आगे का निर्णय लेगी.