बेंगलुरु: गीजर गैस लीक में पति की मौत के कुछ घंटे बाद बेंगलुरु में एक महिला ने आत्महत्या कर ली. यह घटना शुक्रवार 6 फरवरी को हुई. महिला की पहचान मीना राजू के रूप में हुई है, जो शहर के एक प्राइवेट बैंक में काम करती थी. जबकि उसके पति राजू एक ड्राइवर थे. 21 साल से शादीशुदा इस जोड़े का एक 19 साल का बेटा है.
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम को राजू काम से घर लौटा और नहाने चले गया. जब 30 मिनट बाद भी वह बाहर नहीं आए, तो उसके बेटे ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. कुछ गड़बड़ होने का शक होने पर उसने पड़ोसियों को बताया और दरवाजा तोड़ने पर राजू बाथरूम में मृत पाया गया.
बेटे ने तुरंत अपनी मां मीना को घर आने के लिए कहा. खबर सुनकर मीना ऑफिस से निकल गई लेकिन जक्कासंद्रा पहुंची, जहां वे घर बनवा रहे थे और वहां उसने आत्महत्या कर ली. रिपोर्ट के अनुसार एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'डेथ नोट में मीना ने लिखा था कि वह अपने पति के बिना एक मिनट भी नहीं जी सकती. उसने लिए गए लोन और बेटे के नाम पर ट्रांसफर की जाने वाली संपत्तियों का भी ज़िक्र किया. नोट के आखिर में उसने लिखा, 'प्लीज मुझे माफ कर देना.'
पुलिस ने बताया कि यह जोड़ा तुमकुरु जिले के कुनिगल का रहने वाला था लेकिन पिछले कुछ सालों से नेलमंगला में रह रहा था. शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिए गए. जांच में पता चला कि राजू नेलमंगला में एक किराए के घर में रह रहे थे, और वहां के बाथरूम में कोई वेंटिलेशन नहीं था.
रिपोर्ट के अनुसार एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गैस गीजर में अधूरा दहन होता है, जिससे कार्बन मोनोऑक्साइड निकलती है. यह गैस गंधहीन और रंगहीन होती है और अगर बंद जगह में सांस ली जाए तो मौत हो सकती है. इसलिए गीजर की इस्तेमाल करने वालों को सावधान और सचेत रहने की सलाह दी जाती है. गीजर का समय समय पर जांच करवानी चाहिए, जिससे बड़े हादसों से बचा जा सके.