कर्नाटक के गोकर्ण बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र की लहरों में डूबने से बेंगलुरु के 3 IT कर्मचारियों की मौत

कर्नाटक के गोकर्ण बीच पर तेज समुद्री लहरों में बहने से बेंगलुरु की कंपनी के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई. दो अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बचा लिया गया.

X
Sagar Bhardwaj

कर्नाटक के गोकर्ण बीच पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. समुद्र की तेज लहरों में बहने से बेंगलुरु की एक कंपनी के तीन कर्मचारियों की डूबकर मौत हो गई. तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं. हादसा डुब्बनशशि बीच पर हुआ.

16 कर्मचारियों की टीम घूमने गई थी

मृतकों की पहचान झारखंड निवासी 22 वर्षीय शोभा दास देवेंद्रनाथ, मोहम्मद अकरम इस्माइल अहमद और 24 वर्षीय विश्वा एके के रूप में हुई है. तीनों बेंगलुरु के बेलंदूर स्थित कंपनी अलोरिका इकोस्पेस में काम करते थे.

कंपनी के 16 कर्मचारियों की टीम शनिवार शाम घूमने के लिए गोकर्ण पहुंची थी. सभी एक निजी रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे. रविवार को इनमें से पांच कर्मचारी समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे. इसी दौरान तेज लहरें उन्हें बहाकर किनारे से दूर ले गईं.


दो कर्मचारियों को बचाया गया

हादसे के बाद लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरों ने बचाव अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दो कर्मचारियों निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. दोनों को इलाज के लिए गोकर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. हालांकि, शोभा, अकरम और विश्वा को नहीं बचाया जा सका.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद गोकर्ण पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.