बेंगलुरु में खौफनाक हत्याकांड! कैब ड्राइवर ने पत्नी, सास समेत 7 को मारकर अलग-अलग जगह फेंके शव
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों समेत सात लोगों की हत्या कर दी है.
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों समेत सात लोगों की हत्या कर दी है. पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है, जिसका नाम इंदु शेखर है. शुरुआती जांच के अनुसार, हत्या की वजह घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव बताया गया है. यह घटना राजाजीनगर की है, लेकिन मामले का खुलासा गुरुवार देर रात पूछताछ के दौरान हुआ.
इस मामले की जांच शुरू हो चुकी है. जांच में पता चला कि आरोपी अपनी प्तनी सुनीता से काफी नाराज था. उसे लगता था कि वो अपने मायके वालों की बात ज्यादा सुनती है. जब भी वह पत्नी की शिकायत अपनी सास या सालों से करता था, तो वे पत्नी का पक्ष लेते थे. इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी बढ़ती गई. पुलिस को शक है कि इसी गुस्से में उसने पूरे परिवार को खत्म करने की योजना बनाई.
Also Read
पत्नी समेत परिवार के 7 लोगों की हत्या का आरोप:
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सात लोगों की जान जाने की बात सामने आई है. मृतकों में आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रुपवती, दो साले शिवकुमार और शंकर, उनकी पत्नियां दिव्या और नलिनी तथा शिवकुमार का सात साल का बेटा पुनीत शामिल हैं.
जांच में सामने आई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की हत्या की. इसके बाद उसने अपने दोनों सालों को पार्टी के बहाने घर बुलाया. आरोप है कि उनके पहुंचने के बाद उसने दोनों की हत्या कर दी. फिर परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाया. पुलिस को शक है कि वारदात में सिलबट्टे का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. हालांकि, हत्या में इस्तेमाल हथियार और पूरी घटना का तरीका अभी जांच के दायरे में है.
शव अलग-अलग जगह फेंकने का शक:
हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया. पुलिस को यह भी शक है कि उसने घटनास्थल से खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया. जांच अधिकारी आरोपी की कार की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की पड़ताल कर रहे हैं.
गुमशुदगी की शिकायत से खुला मामला:
इस पूरे मामले का खुलासा श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज गुमशुदगी की शिकायत के बाद हुआ. पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया. इसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें सात हत्याओं की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक, अब तक केवल सात साल के पुनीत का शव बरामद हुआ है. नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाकर उसका शव खोजा गया. बाकी छह शवों की तलाश जारी है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके दावों की पुष्टि के लिए सबूत जुटा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की पूरी कहानी और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.