बेंगलुरु में 11 महीने की बच्ची की मौत, पिता पर मारपीट कर फेंकने का आरोप; FIR दर्ज
कर्नाटक के बेंगलुरु में 11 महीने की मासूम बच्ची की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है. शुरुआत में इसे बिस्तर से गिरने का हादसा बताया गया था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कई गंभीर चोटें सामने आई हैं.
बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में 11 महीने की मासूम बच्ची की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है. शुरुआत में इसे बिस्तर से गिरने का हादसा बताया गया था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कई गंभीर चोटें सामने आई हैं. पुलिस अब बच्ची के पिता पर हत्या का आरोप लगा रही है. पुलिस के अनुसार, यह घटना अवलाहली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई.
बच्ची के पिता ने शुरू में शिकायत दर्ज कराई कि बच्ची बिस्तर से गिर गई थी. उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर कई चोटें, पसलियों की फ्रैक्चर और आंतरिक रक्तस्राव पाया गया. पुलिस ने कहा कि दो फीट ऊंचे बिस्तर से गिरने से इतनी गंभीर चोटें नहीं हो सकती थीं.
पिता पर लगा हत्या का आरोप:
पुलिस जांच में पता चला कि बच्ची के माता-पिता के बीच घरेलू झगड़ा हो रहा था. बच्ची रो रही थी. पिता ने गुस्से में बच्ची को उठाकर नीचे फेंक दिया. इससे बच्ची को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची की मां को भी आरोपी बनाया गया है. दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत FIR दर्ज की गई है. पिता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Also Read
मामले की हो रही जांच:
पुलिस अब मां की भूमिका की भी जांच कर रही है. घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. यह घटना घरेलू हिंसा और बच्चों की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े कर रही है. पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.