IPL 2026

2017 के साइबर केस ने फिर पकड़ी रफ्तार, कांग्रेस MLA हारिस से जुड़े ठिकानों पर पड़ी ईडी की रेड; जानें क्या है पूरा मामला

ईडी ने क्रिप्टो मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस विधायक एनए हारिस के बेटों समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की है, जो 2017 के साइबर अपराध केस से जुड़ा है.

@srinivasiyc X account
Km Jaya

बेंगलुरु: क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्नाटक के कांग्रेस विधायक एनए हारिस से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है. सोमवार को की गई इस कार्रवाई में विधायक के बेटों समेत कई लोगों के परिसरों की तलाशी ली गई.

अधिकारियों के अनुसार यह छापेमारी धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है. प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने बेंगलुरु में करीब एक दर्जन स्थानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की. इसमें विधायक के बेटे मोहम्मद हारिस नलपद और उमर फारूक नलपद के ठिकाने भी शामिल हैं.

जांच में क्या आया सामने?

जांच एजेंसी के मुताबिक यह मामला वर्ष 2017 के एक बड़े साइबर अपराध से जुड़ा है. उस समय कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वेबसाइटों को हैक करने बिटकॉइन चोरी करने और अवैध कमाई करने के आरोप सामने आए थे. इस मामले में कथित हैकर श्रीकृष्ण रमेश उर्फ श्रीकी का नाम प्रमुख रूप से सामने आया था.

एजेंसी ने क्या किया दावा?

एजेंसी का दावा है कि श्रीकी और उसके सहयोगियों ने हैकिंग के जरिए बड़ी मात्रा में डिजिटल संपत्ति हासिल की थी. बाद में इस अवैध कमाई को क्रिप्टोकरेंसी के जरिए छिपाने और ट्रांसफर करने की कोशिश की गई. इसी कड़ी में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया गया.

क्या लगे हैं आरोप?

सूत्रों के अनुसार विधायक के बेटों पर आरोप है कि वे इस कथित अवैध कमाई के लाभार्थी रहे हैं. इसी आधार पर उनके परिसरों की तलाशी ली जा रही है और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है.

यह कार्रवाई कर्नाटक पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही और किस तरह से धन को एक जगह से दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया.

राजनीतिक रूप से भी इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है, क्योंकि एनए हारिस बेंगलुरु की शांतिनगर सीट से विधायक हैं और राज्य की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाते हैं. फिलहाल ईडी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं.