झारखंड में शुरु होने जा रहा SIR, तैयार कर लें ये पेपर नहीं तो हो सकती है परेशानी! घर आकर ऑफिसर चेक करें दस्तावेज

झारखंड में भी एसआईआर शुरु होने वाला है. ऐसे में वहां रहने वाले लोगों को अपने दस्तावेज तैयार रखने होंगे. छोटी सी गलती से वोटर लिस्ट से आपका नाम कट सकता है.

Pinterest
Shanu Sharma

झारखंड में भी अब SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण शुरु होने वाला है. चुनाव आयोग की ओर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं. मिल रही जानकारी के मुताबिक अप्रैल में एसआईआर अभियान शुरु होने वाला है. उससे पहले वहां के लोगों को अपने कुछ दस्तावेजों को तैयार कर लेना चाहिए नहीं तो उनकी परेशानी बढ़ सकती है. 

झारखंड से पहले बिहार और अन्य कई राज्यों में यह प्रक्रिया की जा चुकी है. वहीं झारखंड में पिछले कई महीनों से पूर्व तैयारी के तौर पर 2003 की पुरानी मतदाता सूची के आधार पर वर्तमान सूची की पैरेंटल मैपिंग का काम किया जा रहा है और मैपिंग लगभग 72 प्रतिशत पूरी हो चुकी है.

क्यों किया जा रहा SIR?

विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची का एक व्यापक और गहन अभियान है. जिसमें ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करते हैं. निर्वाचन कानून के अनुसार, हर चुनाव से पहले या आवश्यकता पड़ने पर सूची का पुनरीक्षण अनिवार्य करने का नियम है. पिछले दो दशकों में जनसंख्या वृद्धि, पलायन, मृत्यु और विदेशी नागरिकों के नाम गलत तरीके से शामिल होने जैसी समस्याओं के कारण वोटर लिस्ट में काफी त्रुटियां आई हैं.

एसआईआर का उद्देश्य है कि ऐसी सभी कमियों को दूर किया जाए. साथ ही डुप्लिकेट नाम को लिस्ट से हटाया जाए. वहीं वोट का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को ही मिले. झारखंड में बूथ लेवल ऑफिसरों द्वारा परिवार के सदस्यों के आधार पर फैमिली ट्री तैयार की गई है, जिससे दस्तावेजों का सत्यापन और भी ज्यादा आसान होगा.

इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत

एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदान करने वाले सभी व्यक्तियों को अपने और माता-पिता के प्रमाणित दस्तावेज जमा करने होंगे. ये दस्तावेज नागरिकता, पहचान, निवास और निर्वाचन से जुड़े होने चाहिए. अगर आप भी झारखंड से हैं तो हमारे द्वारा बताए गए दस्तावेजों को तैयार रखें. जिससे की आपको किसी भी तरह की कोई परेशानी का सामना ना करना पड़े.

  • केंद्र/राज्य सरकार, पीएसयू के नियमित कर्मचारी या पेंशनर को जारी कोई पहचान पत्र या पेंशन बुक
  • सरकारी/स्थानीय प्राधिकरण, बैंक, डाकघर, एलआईसी, पीएसयू द्वारा जारी कोई पहचान पत्र या प्रमाणपत्र (01 जुलाई 1987 से पहले जारी)
  • जन्म प्रमाण पत्र
  • पासपोर्ट
  • मैट्रिक या मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय द्वारा जारी शैक्षणिक प्रमाण पत्र
  • स्थायी निवास प्रमाण पत्र
  • वन अधिकार प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र (ओबीसी/एससी/एसटी)
  • राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (जहां लागू हो)
  • फैमिली रजिस्टर
  • भूमि या मकान आवंटन प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड