24 घंटे से बिजली गुल, 3 दिन से नलों में पानी नहीं! रांची के लाखों लोगों की बढ़ी मुश्किल
रांची के रुक्का जलशोधन केंद्र से जुड़ी यूजीआर पाइपलाइन में समस्या के कारण दो लाख से अधिक लोगों को तीन दिन से पानी नहीं मिला. प्रभावित इलाकों में टैंकर, चापानल और बोतलबंद पानी सहारा बना.
रांची में पेयजल संकट ने बड़े इलाके के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. पीएचईडी के रुक्का जलशोधन केंद्र से जुड़ी यूजीआर पाइपलाइन से होने वाली आपूर्ति मंगलवार को भी बाधित रही. पुंदाग, हरमू, हाउसिंग कॉलोनी, अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी, डिबड़ीह और जगन्नाथपुर के कई इलाकों में लोग पिछले तीन दिनों से नल के पानी का इंतजार कर रहे हैं. घरों में जरूरत पूरी करने के लिए लोगों को बाजार से जार और बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा.
तीन दिन से नल सूखे
यूजीआर दो से जुड़े इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद रहने से घरेलू काम प्रभावित हुए हैं. बहुमंजिला मकानों में रहने वालों की मुश्किल और बढ़ गई. तीसरे और चौथे तल पर रहने वाले लोगों को नीचे से पानी ऊपर पहुंचाने में काफी परेशानी हुई. टंकियां खाली होने के बाद कई परिवारों ने आसपास लगे निगम के चापानल और मिनी एचवाईडीटी से पानी भरकर किसी तरह काम चलाया.
चापानल और एचवाईडीटी पर भीड़
मलिन बस्तियों में लगे चापानल और एचवाईडीटी पर दिनभर पानी लेने वालों की भीड़ रही. कुछ इलाकों में नगर निगम के टैंकरों के जरिए भी पानी पहुंचाया गया, लेकिन घनी आबादी की जरूरत के मुकाबले यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं रही. जगन्नाथपुर के आनी स्थित लाइट हाउस में भी दो दिनों से जरूरत के मुताबिक पानी नहीं पहुंचा. मंगलवार सुबह यहां लोगों को करीब आधे घंटे ही नल से पानी मिला.
Also Read
बिजली और पाइपलाइन की गड़बड़ी
यूजीआर एक और दो की पाइपलाइन से आपूर्ति बाधित होने के पीछे बिजली की समस्या और लाइन में गड़बड़ी बताई गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार से ही उन्हें पानी नहीं मिला. इससे पहले भी यूजीआर लाइन में समस्या आई थी. आईटीबीपी के पास चार हजार केवी का बूस्टर पावर ट्रांसफार्मर खराब होने से हरमू, पुंदाग, सिमलिया और जगन्नाथपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में चार दिन तक जलापूर्ति प्रभावित रही थी.
24 घंटे से बिजली भी गुल
रातू रोड के वार्ड 28 में खादगढ़ा सब्जी मार्केट के पीछे महुआ टोली मिलन चौक और न्यू शास्त्री नगर की शांति नगर गली में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद रही. इससे पूरे इलाके में अंधेरा रहा. बताया गया कि केबल फॉल्ट के कारण यह समस्या आई. भाजपा नेता भीम प्रभाकर ने मामले को लेकर सांसद संजय सेठ से मुलाकात की. इसके बाद सांसद ने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के जल्द समाधान का निर्देश दिया.