अवैध संबंध के विरोध की कीमत मौत! रांची में महिला से गैंगरेप के बाद हत्या, पड़ोसी महिला ने दी थी सुपारी
रांची के तुपुदाना क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि मृतका के पति से कथित संबंधों का विरोध करने पर पड़ोसी महिला ने 50 हजार रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी.
रांची पुलिस ने तुपुदाना ओपी क्षेत्र के सोहराई पहाड़ के पास महिला से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात की साजिश करीब एक माह पहले रची गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका अपने पति और पड़ोस में रहने वाली संध्या कुमारी के कथित संबंधों का विरोध करती थी, जिसके कारण उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच करते हुए साजिशकर्ता संध्या कुमारी, उसके भाई रमेश उरांव और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया.
सुपारी देकर रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार संध्या कुमारी ने महिला की हत्या के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दी थी. इसके बाद उसके भाई रमेश उरांव ने महिला से दोस्ती बढ़ाई और उसके करीब आने का प्रयास किया. करीब एक महीने तक संपर्क में रहने के बाद महिला को घूमने के बहाने बुलाकर साजिश को अंजाम दिया गया. जांच में यह भी सामने आया है कि महिला को घूमने-फिरने का शौक था, जिसका फायदा आरोपियों ने उठाया.
Also Read
योजना के तहत उसे दशम फॉल घुमाने का झांसा देकर बुलाया गया. 19 जून को आरोपी रमेश उरांव फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और चालक के साथ अरगोड़ा पहुंचा. महिला को कार में बैठाने के बाद रास्ते में अपने अन्य साथियों को भी साथ लिया गया. इसके बाद सभी उसे तुपुदाना क्षेत्र के सोहराई पहाड़ के समीप सुनसान इलाके में ले गए. पुलिस के मुताबिक, रास्ते में ही महिला का मोबाइल फोन बंद कर दिया गया ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके और किसी से संपर्क न हो पाए.
पहले सामूहिक दुष्कर्म, फिर बेरहमी से हत्या
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि आरोपी रमेश उरांव, लखन उरांव और कृष्णदास गोस्वामी महिला को पहाड़ी क्षेत्र में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. इसके बाद आरोपियों ने लाठी और अन्य वस्तुओं से उसकी बेरहमी से पिटाई की. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महिला को तब तक पीटा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई.
हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, कट्टा, नौ जिंदा गोलियां और फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में बुंडू निवासी कृष्णदास गोस्वामी, लोहरदगा निवासी रमेश उरांव और लखन उरांव शामिल हैं.