जमीनी विवाद में हुई नुकीले तीरों की बौछार, पीड़ित के हाथ में घुसे कई तीर, हालत नाजुक

सदर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम चोइया के शरीर में धंसे तीरों को निकालने के लिए एक जटिल सर्जरी कर रही है. घायल की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है.

x
Sagar Bhardwaj

झारखंड के चाईबासा में जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर नुकीले तीरों से हमला किया जिसमें 55 वर्षीय व्यक्ति बूरी तरह से जख्मी हो गया. हमलावर ने एक के बाद एक करीब 20 तीर चलाए जिसमें से तीन तीर पीड़ित के हाथ में जा धंसे. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.

मामला झींकपानी थाना क्षेत्र का है. बेटेया गांव का रहने वाला 55 वर्षीय चोइया बुडीउली बाइक पर सवार होकर सब्जी बेचने के लिए झींकपानी साप्ताहिक बाजार जोड़ापोखर जा रहा था. इसी दौरान बेटेया और चिड़ियापहाड़ी गांव के बीच  चिड़ियापहाड़ी के रहने वाले तापे बुडीउली ने उसे रोक लिया और तीरों से हमला शुरू कर दिया. दरअसल, चोइया बुडीउली अपने एक दोस्त का पक्ष ले रहा था जिसका आरोपी तापे बुडीउली के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था.

हमला होते ही चोइया अपनी बाइच छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगा लेकिन आरोपी लगातार उस पर तीरों से वार करता रहा. उसने एक के बाद एक करीब 20 तीर चलाए जिसमें से तीन चीर चोइया के बाएं हाथ में धंस गए. एक तीर उन्होंने खुद निकाल लिया जबकि दो तीर हाथ में बुरी तरह से धंस गए.

गंभीर रूप से घायल चोइया जैसे तैसे सड़क तक पहुंचा और वहां से एक वाहन के पीछे लटककर झींकपानी जोड़ापोखर चौक तक पहुंचा. चौक पर मौजूद लोगों ने हालत देखकर तुरंत उसे झींकपानी अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

सदर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम चोइया के शरीर में धंसे तीरों को निकालने के लिए एक जटिल सर्जरी कर रही है. घायल की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है. वही पुलिस ने घटनास्थल से कई तीर बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर और पीड़ित के बीच किसी पुरानी बात को लेकर रंजिश थी. हालांकि आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्तर से बाहर है जिसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.