लाखों महिलाओं को मिली बड़ी राहत, मंईयां सम्मान योजना की राशि खातों में पहुंचनी हुई शुरू

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में मंईयां सम्मान योजना के तहत 2.85 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में मई तक की सम्मान राशि भेज दी गई है. वहीं इंकैब इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों के बकाया दावों के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.

Pinterest (Representative images)
Km Jaya

सिंहभूम: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. जिला प्रशासन ने मंईयां सम्मान योजना के तहत 2 लाख 85 हजार 571 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में मई माह तक की सम्मान राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेज दी है. प्रशासन ने बताया कि जून माह की सम्मान राशि जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और जल्द ही यह राशि भी लाभार्थियों के खातों में पहुंच जाएगी.

जिला प्रशासन के अनुसार मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है ताकि उन्हें नियमित वित्तीय सहयोग मिल सके. अधिकारियों ने कहा कि भुगतान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ मिलने में देरी न हो.

प्रशासन ने क्या बताया?

सर्वजन पेंशन योजना के तहत भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों को राहत मिली है. प्रशासन ने बताया कि कुल 2 लाख 48 हजार 123 लाभार्थियों के खातों में मई माह तक की पेंशन राशि भेज दी गई है. इनमें राज्य सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1 लाख 76 हजार 6 लाभार्थी, आदिम जनजाति पेंशन योजना के 6 हजार 67, राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना के 46 हजार 936, इंटरनली डिस्प्लेस्ड पेंशन योजना के 828, स्वामी विवेकानंद निशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 18 हजार 279 तथा थर्ड जेंडर पेंशन योजना के 7 लाभार्थी शामिल हैं. जून माह की पेंशन राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी जारी है.


लाभार्थियों को पेंशन राशि का हो चुका है भुगतान?

केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के तहत भी 44 हजार 2 लाभार्थियों को मार्च माह तक की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है. इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, राष्ट्रीय दिव्यांगता पेंशन योजना और राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के लाभार्थी शामिल हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अप्रैल के बाद की पेंशन राशि का भुगतान केंद्र से आवंटन मिलने के बाद किया जाएगा.

इंकैब इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों को क्या होगा फायदा?

इसी बीच लंबे समय से बंद पड़ी इंकैब इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों के लिए भी राहत की खबर सामने आई है. कंपनी के पुनरुद्धार की प्रक्रिया के तहत कर्मचारियों के दावों का भुगतान शुरू कर दिया गया है. राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण की मंजूरी के बाद वेदांता समूह ने कंपनी के पुनरुद्धार के लिए 545 करोड़ रुपये का पैकेज जमा कराया है. 

पहले चरण में लगभग 600 कर्मचारियों के दावों का भुगतान किया जाएगा. भुगतान से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों का सत्यापन करने के लिए ट्रायल के रूप में एक रुपया भेजा गया. प्रशासन और संबंधित एजेंसियों का कहना है कि सभी पात्र लाभार्थियों और कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा.