झारखंड में भर्ती परीक्षाओं पर बवाल, CM सोरेन बोले- गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है. इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आंदोलनकारी छात्रों को पारदर्शी जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदर्शनकारियों को न्याय का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि युवाओं की चिंता उनकी सरकार की भी चिंता है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षाओं में यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
‘लाठी नहीं, संवाद से निकलेगा समाधान’
झारखंड आदिवासी महोत्सव को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा कि किसी भी समस्या का हल बातचीत के जरिए निकाला जा सकता है. उन्होंने कहा कि सरकार और युवाओं के बीच संवाद जरूरी है और समस्याओं को हल करने के लिए बल प्रयोग का रास्ता नहीं अपनाया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि मामले की प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाएगी.
आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ स्वार्थी तत्व राज्य में लोकतांत्रिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. सोरेन ने उन लोगों को भी चेतावनी दी जो युवाओं को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से किसी राजनीतिक संरक्षण की जरूरत नहीं होने की बात कही.
‘दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा’
सोरेन ने कहा कि सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी को गंभीरता से लिया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. मुख्यमंत्री ने युवाओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि न्याय मांगना उनका अधिकार है और सरकार इस अधिकार को सुनिश्चित करेगी.
16वें दिन भी जारी रहा छात्रों का प्रदर्शन
भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन भी जारी रहा. प्रदर्शन में शामिल छह छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. प्रदर्शनकारी झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं.
CBI जांच या रिटायर्ड जजों का पैनल मांग रहे छात्र
आंदोलनकारी छात्रों की एक प्रमुख मांग कथित परीक्षा अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच है. वे मामले की जांच CBI से कराने या राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीशों की समिति गठित करने की मांग कर रहे हैं. इसी बीच रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच छठे दौर की बातचीत चल रही है. अब छात्रों की नजर बातचीत के नतीजे पर है.