गल्फ में युद्ध का खतरा! हेमंत सोरेन ने PM मोदी से की भारतीयों को निकालने की अपील
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गल्फ क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल मदद मांगी है. उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी अपील की कि असुरक्षित महसूस करने वाले लोगों को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए. साथ ही झारखंड के प्रवासियों के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.
रांची: मध्य पूर्व में इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष ने गल्फ देशों की स्थिति को बेहद नाजुक बना दिया है. हमलों और जवाबी कार्रवाइयों से वहां का माहौल युद्ध जैसा हो गया है. हजारों भारतीय, जो रोजगार की तलाश में इन देशों में बसे हैं, अब खतरे में हैं. उड़ानें रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने से लोग फंस गए हैं. ऐसे में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार से सक्रिय हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर चिंता जताई और राज्य के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी.
गल्फ में बढ़ता संकट
गल्फ क्षेत्र में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं. ईरान पर हुए हमलों के बाद जवाबी हमले शुरू हो गए, जिससे कई देश प्रभावित हुए. यहां काम करने वाले लाखों भारतीय मजदूर, व्यापारी और परिवार अब असहज महसूस कर रहे हैं. उड़ान सेवाएं प्रभावित होने से वापसी मुश्किल हो गई है. मुख्यमंत्री सोरेन ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए सभी से सावधानी बरतने की अपील की.
प्रधानमंत्री से की अपील
हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा कि गल्फ में बदलते हालात बेहद चिंताजनक हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से अनुरोध किया कि फंसे या असुरक्षित महसूस करने वाले भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लौटाने के लिए जरूरी कदम उठाएं. उन्होंने कहा कि देश अपने नागरिकों के साथ खड़ा है.
झारखंडियों के लिए मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से झारखंड के लोगों से कहा कि किसी भी मुश्किल में तुरंत संपर्क करें. राज्य सरकार हरसंभव सहायता के लिए तैयार है. उन्होंने प्रवासी नियंत्रण कक्ष का जिक्र करते हुए लोगों को आश्वस्त किया कि झारखंड उनके साथ है और कोई अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.
जारी हेल्पलाइन नंबर
झारखंड सरकार ने तुरंत मदद के लिए हेल्पलाइन जारी की हैं.
टोल-फ्री नंबर- 1800-3456-526
लैंडलाइन नंबर- 0651-2480083, 0651-2481188, 0651-2480058
व्हाट्सएप पर 9470132591, 9431336472, 9431336398, 9431336427, 9431336432 पर संपर्क किया जा सकता है. लोग इन नंबरों पर अपनी स्थिति बता सकते हैं.
और पढ़ें
- झारखंड में मार्च में मई वाला मौसम, उमस वाली गर्मी ने बढ़ाई टेंशन; 36 डिग्री तक पहुंचा तापमान
- चूल्हे से सत्ता तक...झारखंड निकाय चुनाव में महिलाओं का परचम, दिग्गज पुरुष नेताओं को मिली करारी हार
- रांची में एमएस धोनी को आवास बोर्ड का नोटिस, हरमू प्लॉट को लेकर लगाया ये गंभीर आरोप; जबाव न मिलने पर होगी कार्रवाई