जयमाला, मंगलसूत्र सारी रस्में हो गईं, सिंदूर की बारी आई तो दुल्हन ने झटक दिया दूल्हे का हाथ, फिर हुआ कुछ ऐसा

सारी रस्में निभाई जा चुकी थीं लेकिन जब सिंदूर लगाने की बारी आई तो दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया.

pinterest
Sagar Bhardwaj

जयमाला से लेकर मंगलसूत्र पहनाने तक सारी रस्में निभाई जा चुकी थीं लेकिन जब सिंदूर लगाने की बारी आई तो दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. दुल्हन के शादी से इनकार करते ही मंडप में सन्नाटा छा गया. दूल्हा पक्ष हो या फिर दुल्हन पक्ष हर किसी के चेहरे की हवाइयां उड़ गईं.

मामला झारखंड के गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र का है जहां मंगलवार 12 मई की रात एक दूल्हा गाजे-बाजे के साथ अपनी दुल्हन को लेने पहुंचा था. हर तरफ खुशी का माहौल था. खान पान के बाद जयमाला से लेकर मंगलसूत्र तक सभी रस्म आदयगी हो चुकी थी लेकिन जैसे ही दूल्हा दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने के लिए तैयार हुआ दुल्हन पुष्पा कुमारी ने शादी से इनकार कर दिया.

लाख मनाने पर भी नहीं मानी दुल्हन

दुल्हन के फैसले से पूरे मंडप में अफरा-तफरी मच गई. दोनों पक्ष दुल्हन को मनाने में जुट गए. गांव के ग्रामीण से लेकर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विरंची पासवान समेत कई जनप्रतिनिधी भी मौके पर पहुंचे. पूरी रात दुल्हन मनाने की कोशिशें चलती रहीं लेकिन दुल्हन ने अपना फैसला नहीं बदला.

बुलानी पड़ी पुलिस

जब सुबह तक मामला नहीं सुलझा तो दूल्हे के पिता राम उर्फ बसंत राम ने रमना थाने में सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया लेकिन दुल्हन कहां मानने वाली थी. वह अपने फैसले पर अड़ी रही.

खाली हाथ लौटी बारात

लाख कोशिशों के बाद जब दुल्हन नहीं मानी तो दूल्हे को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा. यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा. हालांकि दूल्हा पक्ष की ओर से अभी तक इस पर कोई बयान नहीं आया है.