कुरुक्षेत्र के विषु शर्मा की जर्मनी में चाकू मारकर हत्या, दिवाली पर लौटने वाला था घर

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में कुरुक्षेत्र निवासी 25 वर्षीय विषु शर्मा की तीन लोगों ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी.

X
Sagar Bhardwaj

हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी 25 वर्षीय युवक विषु शर्मा की जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई. परिवार के मुताबिक, मंगलवार को तीन लोगों ने उसे कमरे से बाहर बुलाया और हमला कर दिया. घटना के बाद विषु को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

सोमवार को हुई थी आखिरी बातचीत

विषु के पिता नीरज शर्मा ने बताया कि सोमवार को बेटे से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी. मंगलवार को जब उससे संपर्क नहीं हुआ तो परिवार चिंतित हो गया. बुधवार सुबह उसके रूममेट गौरव ने फोन कर घटना की जानकारी दी. परिवार के एक रिश्तेदार ने जर्मनी के अस्पताल पहुंचकर विषु की पहचान की. परिजनों के अनुसार, हमले के बाद गौरव उसे अस्पताल लेकर गया था.

नौकरी की तलाश में विदेश गया था विषु

परिवार ने बताया कि विषु नवंबर 2022 में बेहतर रोजगार की तलाश में पुर्तगाल गया था. विदेश भेजने के लिए परिवार ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए और जमीन का एक टुकड़ा भी बेच दिया था. करीब एक साल बाद वह फ्रांस चला गया, जहां उसने छह महीने का सैन्य प्रशिक्षण लिया और लगभग एक वर्ष फ्रांसीसी सेना में सेवा की.


डिलीवरी सेक्टर में बना रहा था पहचान

फ्रांसीसी सेना छोड़ने के बाद विषु जर्मनी चला गया और डिलीवरी क्षेत्र में काम शुरू किया. उसके पिता के मुताबिक, मेहनत के दम पर उसने डिलीवरी कर्मचारियों की एक टीम भी तैयार कर ली थी और उनके काम की निगरानी करता था. परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द घर लौटेगा. विषु ने इस दिवाली परिवार के साथ समय बिताने की योजना बनाई थी.

राखी और अंगूठी का अधूरा वादा

विषु की बहन नोनू ने बताया कि उसने भाई के लिए पहले ही राखी भेज दी थी. विषु ने रक्षाबंधन पर उसे अंगूठी देने का वादा किया था. परिवार के लिए यह वादा अब एक दर्दनाक याद बन गया है. विषु के चाचा और पूर्व पार्षद नितिन भारद्वाज ने बताया कि परिवार जर्मनी से शव भारत लाने की कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर रहा है.