पंचकूला में दिल दहलाने वाली घटना, परिवार के सात लोगों ने गाड़ी में की सामूहिक आत्महत्या

पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात की है जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी एक कार में कुछ असामान्य गतिविधियां देखीं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार के अंदर सात लोगों को बेहोशी की हालत में पाया.

Social Media
Gyanendra Sharma

हरियाणा के पंचकूला में एक ऐसी घटना सामने आई है. यहां एक परिवार के सात लोगों ने एक साथ जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. यह दुखद घटना सेक्टर 27 में एक पार्क के पास खड़ी कार में हुई, जहां पुलिस ने सात शव बरामद किए. मृतकों में एक दंपति, उनके तीन मासूम बच्चे और परिवार के बुजुर्ग माता-पिता शामिल हैं. इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया, बल्कि सामाजिक और आर्थिक तनाव के गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं.

पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात की है जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी एक कार में कुछ असामान्य गतिविधियां देखीं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार के अंदर सात लोगों को बेहोशी की हालत में पाया. सभी को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया, जहां छह लोगों की मृत्यु सेक्टर 26 के एक निजी अस्पताल में और एक की सेक्टर 6 के सरकारी अस्पताल में हो गई. प्रारंभिक जांच में पता चला कि परिवार ने जहर खाकर आत्महत्या की है. कार का नंबर देहरादून, उत्तराखंड का है, और परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला बताया जा रहा है, जो कुछ वर्षों से पंचकूला में किराए के मकान में रह रहा था.

पुलिस की कार्रवाई
पंचकूला पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है. डीसीपी पंचकूला हिमाद्री कौशिक ने बताया, "प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ताकि मृत्यु के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है, जिसमें प्रवीण मित्तल, उनकी पत्नी, उनके तीन बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता शामिल हैं. इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर परिवार ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया.

कर्ज में डूबा था परिवार

जांच में सामने आया है कि परिवार कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था, जिसे इस दुखद कदम का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि परिवार देहरादून से पंचकूला बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा सुनने आया था. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कर्ज की राशि कितनी थी और इसे चुकाने में परिवार किन परिस्थितियों से गुजर रहा था. पुलिस सुसाइड नोट या अन्य सुरागों की तलाश में है, जो इस घटना के पीछे की वजह को और स्पष्ट कर सकें.