भावुक माहौल में पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता की हुई विदाई, जानें आगे किसने संभाला कार्यभार

पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता को भावुक माहौल में विदाई दी गई. उनकी जगह 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह ने नई डीसीपी का कार्यभार संभाल लिया है.

@ArijitPandey4 X Account
Km Jaya

पंचकूला: पंचकूला पुलिस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है. करीब एक वर्ष तक पुलिस उपायुक्त के रूप में अपनी सेवाएं देने वाली आईपीएस अधिकारी सृष्टि गुप्ता को सोमवार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. सेक्टर 1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके कार्यकाल की सराहना की. 

समारोह के दौरान फूलों की बारिश, तालियों की गूंज और भावुक माहौल देखने को मिला. अब उनकी जगह वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह ने नई डीसीपी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है. विदाई समारोह के दौरान सृष्टि गुप्ता भावुक नजर आईं. 

सृष्टि गुप्ता ने क्या कहा?

उन्होंने कहा कि पंचकूला में मिली हर उपलब्धि पूरी पुलिस टीम की मेहनत, समर्पण और शहरवासियों के सहयोग का परिणाम है. उन्होंने कहा कि पंचकूला के लोगों ने हमेशा उन्हें अपनापन, विश्वास और सहयोग दिया, जिसकी यादें वह जीवनभर अपने साथ रखेंगी. उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं.


कब से कब तक का रहा कार्यकाल?

सृष्टि गुप्ता का कार्यकाल 4 जून 2025 से 13 जुलाई 2026 तक रहा. इस दौरान पंचकूला पुलिस ने अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार महिला विरुद्ध अपराधों में 26 प्रतिशत, वाहन चोरी के मामलों में 27.5 प्रतिशत, चोरी की घटनाओं में 31 प्रतिशत, स्नैचिंग की वारदातों में 30 प्रतिशत और सेंधमारी के मामलों में 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई. पुलिस अधिकारियों ने इन उपलब्धियों का श्रेय उनकी प्रभावी नेतृत्व क्षमता और टीम आधारित कार्यशैली को दिया.

उनके कार्यकाल में क्या थी खासियत?

महिला सुरक्षा उनके कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रही. उन्होंने महिला अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ आमजन की शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया. पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए कई जनहितकारी पहल की गईं, जिससे लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ.

सृष्टि गुप्ता ने कौन-कौन से चलाए विशेष अभियान?

सृष्टि गुप्ता ने युवाओं को नशे और मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष अभियान भी चलाए. उन्होंने पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने, बेहतर कार्य संस्कृति अपनाने और ईमानदारी से काम करने के लिए लगातार प्रेरित किया. उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को समय समय पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया.

नई डीसीपी अदिति सिंह ने कार्यभार संभालने के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और जनता के साथ बेहतर संवाद कायम रखने की प्रतिबद्धता जताई. पुलिस विभाग को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में भी जनसेवा, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे.