पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 अभियान अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से 14 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है. अधिकारियों को अभियान को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का समापन 14 जुलाई को होना है. ऐसे में अब अभियान के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और बूथ लेवल अधिकारियों को पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे.
उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से रविवार को भी अभियान जारी रहेगा और बूथ लेवल अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्रित करेंगे. इसके साथ ही लोगों को समय पर प्रपत्र जमा करने के लिए जागरूक भी किया जाएगा.
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करें और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न दें. इसके अलावा प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संग्रहण, डिजिटाइजेशन और निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया भी बिना किसी देरी के पूरी की जाए.
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है. प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को सौंपे गए दायित्वों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निर्वहन करना होगा. यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र जल्द से जल्द संबंधित बीएलओ के पास जमा करा दें. इससे समय रहते दस्तावेजों का सत्यापन, डिजिटाइजेशन और पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी. यदि किसी जानकारी में त्रुटि होगी तो उसे भी समय रहते सुधारा जा सकेगा.
जिन मतदाताओं के घर अब तक बीएलओ नहीं पहुंच पाए हैं, उनसे भी आग्रह किया गया है कि वे स्वयं अपने संबंधित बीएलओ या मतदान केंद्र पर पहुंचकर गणना प्रपत्र जमा करें. जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि मतदाताओं, निर्वाचन विभाग और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 को सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा और जिले का कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित नहीं रहेगा.