गर्लफ्रेंड के साथ होटल में ठहरा हुआ था शख्स, तभी आ गई मौत; कमरे से मिले सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवा के रैपर
जानकारी के अनुसार 12 मार्च को मृतक के बेटे की शादी तय थी और उसके घर में तैयारियां चल रही थीं. अचानक हुई इस मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है.
हरियाणा के गुरुग्राम में बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ठहरे 56 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक अपनी महिला मित्र के साथ कमरे में रुका हुआ था. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट फेलियर बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस को कमरे से सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवा के खाली रैपर भी मिले हैं, जिससे ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार मृतक सोहना क्षेत्र के एक गांव का निवासी था और पेशे से लॉजिस्टिक कंपनी में ड्राइवर था. घटना के समय वह अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था. महिला ने पुलिस को बताया कि अचानक व्यक्ति के सीने में तेज दर्द शुरू हुआ और उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी.
होटल स्टाफ और पुलिस को दी सूचना
महिला ने तुरंत होटल कर्मचारियों की मदद ली और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया.
जांच के दौरान पुलिस को कमरे से सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवा के खाली पैकेट मिले हैं. अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर हार्ट फेलियर से मौत की संभावना लग रही है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा.
शादी से पहले परिवार पर टूटा दुख
मृतक के परिवार पर इस घटना से गहरा सदमा पहुंचा है. जानकारी के अनुसार 12 मार्च को उसके बेटे की शादी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं. अचानक हुई इस मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है और खुशियां मातम में बदल गईं.
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है. होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके.
बिना डॉक्टर सलाह दवा लेना खतरनाक
विशेषज्ञों का कहना है कि सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाओं का इस्तेमाल बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए. ऐसी दवाओं के गलत या अधिक सेवन से हार्ट अटैक, स्ट्रोक या तेज सीने के दर्द जैसी जानलेवा स्थितियां पैदा हो सकती हैं.