10वीं में कम नंबर आने पर टूटा 16 साल का कुणाल, पंखे से फंदा लगाकर ली अपनी जान

हरियाणा के जटौली में सीबीएसई 10वीं कक्षा के रिजल्ट आने के बाद 16 वर्षीय छात्र कुणाल ने आत्महत्या कर ली. बुधवार शाम को घर में पंखे से फंदा लगाकर उसने अपनी जान दे दी.

Pinterest
Reepu Kumari

जटौली: हरियाणा के जटौली (हेली मंडी) में शिक्षा के दबाव ने एक नौजवान की जिंदगी छीन ली है. सीबीएसई 10वीं कक्षा के रिजल्ट में उम्मीद से कम नंबर आने के बाद 16 वर्षीय कुणाल ने बुधवार शाम को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना पूरे इलाके को झकझोर कर रख गई है. होनहार छात्र की अचानक मौत से परिवार और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं.

घटना का विवरण

बाबा हरदेव कॉलोनी निवासी कुणाल बुधवार 15 अप्रैल 2026 को शाम करीब 6 बजे अपने घर में लगे पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. रिजल्ट आने के बाद से वह लगातार तनाव में था. कम मार्क्स ने उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था.

परिवार की दौड़ और अस्पताल

परिजनों ने जैसे ही कुणाल को फंदे में लटका देखा, तुरंत उसे सरकारी अस्पताल पटौदी पहुंचाया. डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस को सूचना मिलते ही टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया. परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं. मौके पर जांच की गई. पुलिस ने इस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

इलाके में छाया मातम

कुणाल की मौत की खबर फैलते ही सहपाठी और स्थानीय लोग उसके घर पहुंच गए. पूरा इलाका गमगीन है. लोग इस होनहार छात्र की मौत पर दुख जता रहे हैं. शिक्षा के बढ़ते दबाव को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है.

बढ़ते दबाव का दर्दनाक परिणा

यह घटना शिक्षा व्यवस्था में छात्रों पर पड़ रहे तनाव की ओर इशारा करती है. कुणाल जैसे कई बच्चे रिजल्ट के डर से मानसिक दबाव झेल रहे हैं. परिवार और समाज को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है ताकि ऐसी दुर्घटनाएं रोकी जा सकें.

नोट: एक कहावत है कि आपके नंबर आपकी काबिलियत को कभी माप नहीं सकते. हमारा चैनल इंडिया डेली कभी भी इस तरह के कृत्यों का समर्थन नहीं करता है. जिंदगी बहुत अनमोल है. इन हालातों में अपने पेरेंट से बात करें वो जरुर समझेंगे. याद रखें इस दुनिया में कुछ भी नामुमकिन नहीं है.