आज से आम यात्रियों के लिए शुरू हुई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, 25 रुपये में कर सकेंगे सफर

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने रविवार से आम यात्रियों के लिए नियमित सेवा शुरू कर दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के बाद ट्रेन पहली बार निर्धारित समय के अनुसार जींद से रवाना हुई.

Pinterest
Reepu Kumari

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन अब आम यात्रियों के लिए नियमित रूप से चलने लगी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के बाद रविवार से इस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया. पहले दिन विशेष पास पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने यात्रा की थी, जबकि अब आम यात्री भी इसमें सफर कर सकेंगे. ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच निर्धारित समय के अनुसार चलेगी. हाइड्रोजन ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी. शुक्रवार को इसका संचालन नहीं होगा, क्योंकि उस दिन ट्रेन को नियमित मरम्मत और रखरखाव के लिए शकूरबस्ती भेजा जाएगा. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसका किराया भी सामान्य पैसेंजर ट्रेन के बराबर रखा है, जिससे आम लोग भी इस नई तकनीक का अनुभव कर सकें.

सुबह 7:40 बजे जींद से होगी पहली नियमित रवानगी

ट्रेन नंबर 74010 सुबह 7:40 बजे जींद जंक्शन से रवाना हो गई. इसके बाद यह 7:46 बजे जींद सिटी स्टेशन पहुंची, जहां एक मिनट रुकने के बाद आगे बढ़ी. निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन पांडू पिंडारा, ललितखेड़ा हाल्ट, भंभेवा, ईसापुरा खेड़ी हाल्ट, बुटाना, खंदराई हाल्ट, गोहाना, राबरा हाल्ट, लाठ, मोहाना और बरवासनी होते हुए सुबह 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी.

वापसी यात्रा का समय भी किया गया तय

सोनीपत से वापसी में ट्रेन नंबर 74009 सुबह 10:40 बजे रवाना होगी. यह बरवासनी, मोहाना, लाठ, राबरा, गोहाना, खंदराई, बुटाना, ईसापुर खेड़ी, भंभेवा, ललितखेड़ा, पांडू पिंडारा और जींद सिटी स्टेशन पर निर्धारित ठहराव के बाद दोपहर 1 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी. रेलवे ने दोनों दिशाओं के लिए पूरा समय पहले ही तय कर दिया है.


दो घंटे में पूरा होगा सफर, किराया रहेगा सिर्फ 25 रुपये

जींद से सोनीपत तक यह ट्रेन औसतन 44.45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और करीब दो घंटे में यात्रा पूरी करेगी. वापसी के दौरान इसकी औसत गति 38.18 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जिससे सोनीपत से जींद पहुंचने में लगभग दो घंटे 20 मिनट लगेंगे. इस पूरे रूट के लिए यात्रियों को केवल 25 रुपये का किराया देना होगा.

सप्ताह में छह दिन मिलेगी सेवा, शुक्रवार रहेगा मेंटेनेंस का दिन

रेलवे ने हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन का साप्ताहिक कार्यक्रम भी तय किया है. ट्रेन सोमवार से गुरुवार और शनिवार-रविवार तक नियमित चलेगी, जबकि शुक्रवार को इसका संचालन नहीं होगा. उस दिन ट्रेन को रखरखाव के लिए शकूरबस्ती भेजा जाएगा, ताकि तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत समय पर की जा सके.

जींद- सोनीपत रूट पर पहले से चल रही हैं कई ट्रेनें

जींद से सोनीपत रूट पर पहले से कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हो रही हैं. सुबह की पहली ट्रेन करीब 6:15 बजे रवाना होती है. इसके बाद सुबह 7:40 बजे हाइड्रोजन ट्रेन चलेगी. इसी रूट पर सुबह 10:30 बजे एक अन्य ट्रेन, दोपहर 12:30 बजे चौथी ट्रेन और शाम 5:40 बजे फरक्का एक्सप्रेस का भी संचालन होता है. फरक्का एक्सप्रेस का जींद के बाद केवल गोहाना स्टेशन पर ठहराव है.