हरियाणा में आंधी-बारिश का कहर, 561 बिजली पोल टूटे; IMD ने जारी किया येलो और ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में सोमवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने एक तरफ गर्मी से राहत दी तो दूसरी तरफ काफी नुकसान भी पहुंचाया.
चंडीगढ़: हरियाणा के मौसम ने अचानक करवट ली है. जहां एक ओर झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं तेज आंधी ने बिजली व्यवस्था और खेती को भारी नुकसान पहुंचाया. हिसार में देर रात हुई तेज बारिश के बाद कई जिलों में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाओं ने फिर से मुश्किल बढ़ा दी.
मौसम विभाग के अनुसार करनाल, कुरुक्षेत्र, जींद, कैथल और यमुनानगर जैसे जिलों में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई. आंधी-बारिश से बिजली पोल टूटने और पेड़ गिरने की घटनाओं ने आवागमन और बिजली आपूर्ति दोनों को प्रभावित किया. कई जगहों पर दमकल की गाड़ियां खेतों में लगी आग बुझाने पहुंचीं.
तेज आंधी से हुआ व्यापक नुकसान
सोमवार शाम को चली तेज आंधी ने हरियाणा के कई जिलों में तबाही मचा दी. पूरे प्रदेश में कुल 561 बिजली पोल टूट गए और कई ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए. इससे कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही. आंधी के साथ खेतों में आग लगने की घटनाएं भी हुईं, जिससे फसल के फाने और भूसे को नुकसान पहुंचा. दमकल विभाग को कई स्थानों पर आग बुझाने के लिए बुलाया गया.
रोहतक और जींद में सबसे ज्यादा असर
रोहतक जिले में आंधी सबसे भारी पड़ी जहां 133 बिजली पोल टूट गए और कई ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए. मरम्मत के बाद चरणबद्ध तरीके से बिजली बहाल की जा रही है. जींद में 45 बिजली पोल और दो ट्रांसफार्मर गिरे. यहां खेतों में आग की 47 घटनाएं रिपोर्ट हुईं. फतेहाबाद में पांच पोल टूटे और चार घंटे बिजली बाधित रही. हांसी में भी चार पोल क्षतिग्रस्त हुए.
पेड़ गिरे, यातायात प्रभावित
तेज हवाओं से प्रदेश भर में करीब 150 पेड़ गिरने की सूचना मिली है. कई जगहों पर टहनियां और पेड़ बिजली तारों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हुई. यमुनानगर में रातभर तेज हवाएं चलीं और सुबह बूंदाबांदी हुई, हालांकि बिजली ढांचे को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा. कैथल में सुबह बादल छाए रहे और हल्की बारिश के साथ चार डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
आज का मौसम अलर्ट
मौसम विभाग ने फतेहाबाद, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, भिवानी, चरखी दादरी और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में ऑरेंज अलर्ट है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
तापमान में गिरावट के बावजूद लू का प्रकोप
बारिश और आंधी के बाद अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई, लेकिन दोपहर में तेज धूप और लू ने राहत को फीका कर दिया. हिसार में रात की बारिश के बाद सुबह मौसम सुहावना रहा, पर दिन चढ़ते ही गर्म हवाएं चलने लगीं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है. किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए.