My Cute Wife... पतियों को छोड़ फरार हुईं शादीशुदा सहेलियां, 'मेरी बाबू' चैट से खुला राज

हरियाणा में दो शादीशुदा सहेलियों के चार बच्चों और लाखों के गहनों के साथ घर से गायब होने का मामला सामने आया है.

X
Ashutosh Rai

Haryana Missing Women Case: हरियाणा में दो परिवारों से जुड़ा मामला चर्चा में है. दोनों महिलाओं के एक साथ घर छोड़ने के बाद उनके पति परेशान हैं. उनका दावा है कि महिलाएं बच्चों और गहनों के साथ गायब हुई हैं. मोबाइल चैट सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर शक और गहरा गया है.

दोनों महिलाएं बच्चों के साथ हुईं लापता

शिकायत के मुताबिक, बल्लभगढ़ की लक्ष्मण कॉलोनी में रहने वाली 25 वर्षीय मंजू की शादी 2020 में पलवल निवासी सन्नी से हुई थी. उसकी बचपन की सहेली रीना की शादी भी उसी साल गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र में रहने वाले वेदपाल से हुई थी. 21 अगस्त को मंजू अपने चार साल के बेटे और दो साल की बेटी के साथ घर से चली गई. उसके पास करीब चार लाख रुपये के गहने बताए गए हैं. बाद में पता चला कि रीना भी अपनी चार साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे के साथ घर से गायब है. उसके पास करीब पांच लाख रुपये के गहने और नकदी होने की बात कही गई है.

'My Cute Wife' चैट से बढ़ा शक

दोनों महिलाओं के अचानक गायब होने के बाद परिवारों ने उनकी कॉल डिटेल और वॉट्सऐप बातचीत की जांच की. पतियों के मुताबिक, चैट में दोनों एक-दूसरे को 'My Cute Wife', 'My Love' और 'बाबू' जैसे नामों से बुलाती थीं. दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होने की बात भी सामने आई है. परिवारों का कहना है कि दोनों 12वीं तक साथ पढ़ी थीं, इसलिए पहले उनकी दोस्ती को सामान्य माना जाता था. अब चैट सामने आने के बाद पतियों ने दोनों के बीच प्रेम संबंध और शादी होने का शक जताया है. हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है.


जांच में जुटी पुलिस

मंजू और रीना के लापता होने के बाद पलवल की भवन कुंड चौकी और गुरुग्राम के पटौदी थाने में शिकायत दर्ज की गई है. पुलिस दोनों महिलाओं और चारों बच्चों की तलाश में जुटी है. अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल लोकेशन और दूसरे तकनीकी साधनों की मदद ली जा रही है. पतियों ने कहा है कि उन्हें इस बात से आपत्ति नहीं है कि उनकी पत्नियां साथ रहें लेकिन बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है और वे बच्चों को सुरक्षित वापस चाहते हैं.